विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और कनाडा की विदेश मंत्री ने व्यापार और ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में प्रगति पर चर्चा की
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने आज व्यापार और निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, रक्षा और जन-समुदाय आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में भारत-कनाडा संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों मंत्रियों ने आज नई दिल्ली में मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उन्होंने प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा सरकार और उद्योग जगत के नेतृत्व और निरंतर सहयोग के मार्गदर्शन में रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस बीच, कनाडा की विदेश मंत्री ने कहा कि व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाने से लेकर ऊर्जा, नवाचार और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने तक, भारत और कनाडा की प्रगति से वे उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में अनीता आनंद ने कहा कि इस रिश्ते का महत्व इस बात में निहित है कि दोनों देश मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में गहरा बदलाव आ रहा है, कनाडा और भारत के बीच घनिष्ठ सहयोग भविष्य की समृद्धि को आकार देने और एक स्वतंत्र, खुले और समृद्ध हिन्द-प्रशांत में योगदान देने का अवसर प्रदान करता है।





