भारतीय तटरक्षक बल और कोरियाई तटरक्षक बल के बीच 14वीं उच्च-स्तरीय बैठक इंचियोन में आयोजित हुई
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और कोरिया तटरक्षक बल (केसीजी) के बीच 14वीं उच्चस्तरीय बैठक (एचएलएम) 14 अक्टूबर 2026 को दक्षिण कोरिया के इंचियोन में आयोजित हुई। इस बैठक का उद्देश्य द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और विस्तार देना तथा दोनों देशों की समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के बीच रणनीतिक समन्वय को पहले से अधिक बढ़ावा देना था।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने मौजूदा परिचालन ढांचे की समीक्षा की तथा द्विपक्षीय सहयोग को और आगे ले जाने के लिए रणनीतिक रोडमैप पर चर्चा की। इसमें समुद्री खोज एवं बचाव (एम-एसएआर), समुद्री प्रदूषण से निपटने (एमपीआर), समुद्री कानून प्रवर्तन (एमएलई), क्षमता निर्माण व परिचालन समन्वय जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
भारतीय और कोरियाई तटरक्षक बलों ने मौजूदा समझौता ज्ञापन (एमओयू) के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान, संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यासों, द्विपक्षीय जहाज दौरों एवं वास्तविक समय में सूचनाओं को साझा करने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर सहमति जताई।
14वीं उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय तटरक्षक बल और कोरियाई तटरक्षक बल ने परिचालन समन्वय को और विस्तृत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों ने क्षेत्र में सुरक्षित एवं संरक्षित समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में योगदान देने पर जोर दिया।
13 से 16 अक्टूबर 2026 तक कोरिया गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर गए भारतीय तटरक्षक बल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इंस्पेक्टर जनरल टी. शशि कुमार ने किया। वहीं, कोरिया के तटरक्षक बल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सीनियर सुपरिंटेंडेंट जनरल इम म्योंग गिल कर रहे थे।





