कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में कल शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मृत्यु हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह घटना महा सप्तमी के दौरान रात लगभग आठ बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, बारिश और अचानक लोगों की भीड़ उमड़ने से पूजा पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि भीड़ के बीच कई लोग गिर गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घायलों को उपचार के लिए कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने अस्पतालों का दौरा किया और उपचार प्रबंधो की समीक्षा की।
हर डेथ फैमली को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 25 लाख रूपये कॉम्पेनसेशन, एक नौकरी दिया जाएगा और हर इंजर्ड पर्सन का पूरा मेडिकल का एक्सपेंसेस 100 पर्सेंट सरकार बियर करेगा इसके साथ-साथ पांच लाख रूपये कॉम्पेनसेशन मंनी दिया जाएगा। कलकत्ता हाई कोर्ट का एक फैक्ट फाइंडिग कमेटी होगा जिसके अंदर फॉरेंसिक रहेगा, एसटीएफ रहेगा।
इस बीच, कोलकाता पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज जुटा लिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फुटेज की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता में है और स्थिति पर नजर रखे हुए है। अमित शाह, मुख्यमंत्री तथा राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। गृह मंत्री अस्पताल में जाकर घायलों से भी मुलाकात करेंगे।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के बड़े दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाने की घोषणा की है। यह समिति पंडालों में भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन निकास और ढांचों की सुरक्षा की जांच करेगी। मुख्यमंत्री ने पूजा आयोजकों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया है।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।





