स्वास्थ्य मंत्रालय ने लद्दाख में पहले मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दी, पहला शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू होगा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लद्दाख में पहले मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस कॉलेज की शुरूआत शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से होगी। लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने इस मेडिकल कॉलेज को लद्दाख के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
वी.के. सक्सेना ने कहा कि इससे लद्दाख के युवाओं को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और पूरे क्षेत्र में दीर्घकालिक स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि लद्दाख प्रशासन मेडिकल छात्रों के पहले बैच के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने इस महीने की 18 तारीख को जम्मू- कश्मीर तथा लद्दाख उच्च न्यायालय की लेह बेंच का उद्घाटन किया था। केंद्र सरकार ने लेह में आई.आई.टी. और आई.आई.एम. जम्मू के परिसर स्थापित करने को भी मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।





