insamachar

आज की ताजा खबर

biennial forum of the Indian Army
Defence News भारत

भारतीय सेना का सर्वोच्च स्तरीय द्विवार्षिक मंच सेना कमांडरों का सम्मेलन आज से शुरू

भारतीय सेना का सर्वोच्च स्तरीय द्विवार्षिक मंच सेना कमांडरों का सम्मेलन आज से शुरू हो गया है। सेना प्रमुख (सीओएएस) की अध्यक्षता में आयोजित यह सम्मेलन 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में हो रहा है। इसमें भारतीय सेना के वरिष्ठ नेतृत्व को एक मंच उपलब्ध कराया गया ताकि बदलते सुरक्षा परिवेश, परिचालन तत्परता, क्षमता विकास और भविष्य के लिए तैयार परिवर्तनकारी पहलों पर विचार-विमर्श किया जा सके।

इस सम्मेलन को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। इसके अलावा रक्षा प्रमुख, नौसेना प्रमुख और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) समकालीन सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण रक्षा मंत्री द्वारा थल युद्ध सिद्धांत का विमोचन होगा। यह सिद्धांत भारतीय सेना को युद्ध के बदलते स्वरूप और भविष्य के संघर्षों से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए एक व्यापक ढांचा प्रदान करेगा। रक्षा मंत्री संयुक्तराष्ट्र की वार्षिक पत्रिका का भी विमोचन करेंगे और संयुक्तराष्ट्र शांतिरक्षक के रूप में सेवा करते हुए उल्लेखनीय योगदान देने वाले भारतीय सेना के कर्मियों को सम्मानित करेंगे। उनकी अनुकरणीय सेवा, व्यावसायिकता और संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा में उनके योगदान को मान्यता देंगे।

सेना प्रमुख पर्यावरण स्थिरता, संसाधन प्रबंधन और एक मजबूत विमानन सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने में उत्कृष्टता को मान्यता देने के लिए हरित सैन्य स्टेशनों और विमानन उड़ान सुरक्षा के लिए भी पुरस्कार प्रदान करेंगे।

अपने व्यापक एजेंडे के साथ यह सम्मेलन भारतीय सेना के वरिष्ठ नेतृत्व के लिए चल रही पहलों की समीक्षा करने, भविष्य के प्रमुख क्षेत्रों की पहचान करने और एक प्रगतिशील, अनुकूलनीय, तकनीकी रूप से सक्षम तथा भविष्य के लिए तैयार भारतीय सेना के निर्माण की दिशा में उचित नीतिगत दिशा-निर्देश तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *