insamachar

आज की ताजा खबर

India and Poland pledge to double bilateral trade by 2030
भारत मुख्य समाचार

भारत और पोलैंड का वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का संकल्प, प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड के प्रधानमंत्री के साथ की द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में पोलैंड के प्रधानमंत्री डॉनल्‍ड टस्क के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता और बदलाव के दौर से गुजर रही है। इन चुनौतियों के बावजूद भारत और पोलैंड विकास, प्रौद्योगिकी और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इन रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के साथ मिलकर प्रौद्योगिकी विकसित करने और उत्पादन करने के लिए पोलैंड की कंपनियों को आमंत्रित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों की कंपनियां मिलकर दुनिया के लिए विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करेंगी और वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का साझा लक्ष्य हासिल करेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड की मित्रता केवल राजनयिक संबंधों पर आधारित नहीं है, बल्कि मानवता और करुणा की साझा विरासत से भी जुड़ी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता लागू होने के बाद मशीनरी, रसायन, प्लास्टिक और इंजीनियरिंग से जुड़े उत्पादों के भारतीय निर्यात के लिए पोलैंड में नए अवसर खुलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड लोकतांत्रिक मूल्यों तथा कानून के शासन में विश्वास करते हैं। दोनों देश मानते हैं कि वैश्विक शासन संस्थाओं को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए उनमें सुधार आवश्यक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत शांति की दिशा में किए जाने वाले हर सार्थक प्रयास का समर्थन जारी रखेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने भारत-पोलैंड स्टार्टअप ब्रिज स्थापित करने पर भी सहमति जताई है। इन पहलों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर प्रौद्योगिकी, वित्तीय प्रौद्योगिकी और अन्य उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को नई गति मिलेगी।

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क कल शाम तीन दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की तथा एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी दूसरी भारत यात्रा है।

इससे पहले, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज सुबह प्रधानमंत्री टस्क से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पोलैंड सहयोग को गहरा करने पर विचार साझा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रधानमंत्री टस्क की बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

पोलैंड के प्रधानमंत्री ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। प्रधानमंत्री टस्क बेंगलुरु भी जाएंगे, जहां वे सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों के कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

यह यात्रा भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा व्यापार और निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।

पोलैंड, मध्य और पूर्वी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है।

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि भारत और पोलैंड ने पिछले 35 वर्षों में आर्थिक क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है और तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और अहिंसा जैसे विचारों के आधार पर मित्रता मजबूत हुई है।

प्रधानमंत्री टस्क ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि बढ़ती अनिश्चितता और अस्थिरता के बीच प्रधानमंत्री मोदी आशा की किरण हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *