insamachar

आज की ताजा खबर

बिज़नेस

देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर 4 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई

देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर 4 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। नए कारोबार और घरेलू मांग में मजबूती से सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिला है। एचएसबीसी का भारत सेवा क्षेत्र खरीद प्रबंधक सूचकांक-पीएमआई सितंबर के 55.2 से बढ़कर अक्टूबर में 55.8 हो गया।

एसएंडपी ग्लोबल के ताजा आंकड़ों के अनुसार, नए ग्राहक जुड़ने और विज्ञापन के प्रभावी रहने से कारोबारी गतिविधियों में वृद्धि हुई। जून के बाद अक्टूबर में बिक्री में सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान घरेलू मांग बिक्री में वृद्धि का मुख्य कारण रही।

रिपोर्ट के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल सेवा क्षेत्र की सभी चार प्रमुख श्रेणियों में नए कारोबार और उत्पादन की वृद्धि तेज हुई। वित्त और बीमा क्षेत्र में सबसे अधिक विस्तार दर्ज किया गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि लागत का दबाव कम होने से सेवा प्रदाताओं को राहत मिली है। कच्चे माल और अन्य जरूरी चीजों की कीमतों में छह वर्ष से अधिक समय में सबसे धीमी वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, ग्राहकों से ली जाने वाली कीमतों में बढ़ोतरी की रफ्तार भी जून के बाद सबसे कम रही।

इस बीच, एचएसबीसी का भारत कंपोजिट पीएमआई आउटपुट सूचकांक सितंबर के 55.9 से बढ़कर अक्टूबर में 56.2 हो गया। यह चार महीने में कुल कारोबारी गतिविधियों में सबसे तेज वृद्धि को दर्शाता है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *