प्रवर्तन निदेशालय ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय ने 400 करोड़ रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें देशभर के 600 से अधिक लोगों को निवेश योजनाओं और नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर ठगा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तमिलनाडु के चेन्नई निवासी रोशन फियाज और पुदुकोट्टई निवासी अम्मार के रूप में हुई है। दोनों ऐसे बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसमें धोखाधड़ी की रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। इन खातों के जरिए प्राप्त रकम को बाद में यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में बदला जाता था। निदेशालय ने आरोपियों और उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी के दौरान 14 लाख 50 हजार रुपये नकद और तीन करोड़ 26 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी जब्त की है। इसके अलावा, विभिन्न बैंक खातों में जमा 88 लाख 28 हजार रुपये भी फ्रीज किए गए हैं। दोनों आरोपियों को चेन्नई की विशेष अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।





