insamachar

आज की ताजा खबर

Union Minister Shivraj Singh Chouhan announces an immediate allocation of 5 lakh homes under the PM Awas Yojana.
भारत

ओडिशा के हर गरीब को मिलेगा पक्का घर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी तत्काल 5 लाख पीएम आवास की सौगात

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ओडिशा के बलांगीर में आयोजित ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ (PMAY-G) के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करते हुए ओडिशा के गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए सौगातें प्रदान की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री चौहान ने ऐलान किया कि ओडिशा के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख पक्के मकान दिए जाएंगे और हर पात्र परिवार को घर मिलेगा। इस अवसर पर बलांगीर में नए कृषि कॉलेज का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री व कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, सांसद संगीता कुमारी सिंह देव सहित क्षेत्रीय विधायक नवीन कुमार जैन, लक्ष्मण बाग और रूपा मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने आश्वस्त किया कि आवास के लिये अब सही सर्वे हो चुका है और कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा, सबको चरणबद्ध तरीके से पक्का मकान मिलेगा। साथ ही मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी देगी, जिससे बिजली का बिल शून्य होगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर लोग कमाई भी कर सकेंगे।

​ओडिशा में 29 लाख बहनें बनीं लखपति दीदी, अब 10 लाख करोड़ का लोन अभियान

मातृशक्ति को नमन करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि सुभद्रा योजना के तहत सालाना 10 हजार रुपये मिलने से ओडिशा की बहनों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने खुशी जताई कि मुख्यमंत्री मोहन माझी के नेतृत्व में ओडिशा ने समय से एक साल पहले ही 27 लाख का लक्ष्य पार करते हुए 29 लाख बहनों को ‘लखपति दीदी’ बना दिया है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि अगले पांच वर्षों में देशभर की बहनों को लखपति बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये का लोन दिया जाएगा। इतना ही नहीं, अब केवल समूह को ही नहीं, बल्कि जो बहन अकेले भी अपना काम-धंधा या व्यापार शुरू करना चाहेगी, उसे भी बिना किसी परेशानी के लोन उपलब्ध कराया जाएगा।

बलांगीर कृषि कॉलेज बनेगा देश का नंबर-1 संस्थान, खेतों के ऊपर लगेगी बिजली

किसानों की सेवा को भगवान की पूजा बताते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने वचन दिया कि बलांगीर में शिलान्यास किए गए कृषि कॉलेज को आईसीएआर और भारत सरकार के सहयोग से हिंदुस्तान का सर्वश्रेष्ठ कृषि कॉलेज बनाया जाएगा, जहां देश के शीर्ष वैज्ञानिक किसानों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि ओडिशा की खेती को आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर एक ठोस रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत ऐसी योजना लाई जा रही है, जिसमें किसान के खेत के ऊपर सोलर पैनल लगेंगे और नीचे फल-सब्जियों की खेती होगी, जिससे किसानों को दोहरा लाभ मिलेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के छूटे हुए पात्र किसानों के नाम भी अब सूची में जोड़ दिए गए हैं।

​हर पंचायत को मिलेंगे 1 से 2 करोड़ रुपये

ग्रामीण विकास का खाका खींचते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना के तहत इस वर्ष ओडिशा को करीब 4000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे प्रदेश की हर पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये और पांच साल में छोटी पंचायत को 1 करोड़ तथा बड़ी पंचायत को 2 करोड़ रुपये तक विकास कार्यों के लिए मिलेंगे। इससे गांव में सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन से लेकर किसानों के खेतों तक सड़क और जल संरक्षण के लिए तालाब बनाए जा सकेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1700 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति के बाद अब बचे हुए सभी गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि ओडिशा में विकास का महायज्ञ चल रहा है।

उन्होंने बलांगीर की लोक संस्कृति, नुआखाई और ढालखाई-रसरकेली नृत्य को नमन करते हुए उपस्थित जनसमूह को विकसित ओडिशा बनाने का संकल्प दिलाया। जनसैलाब को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी चिर-परिचित आत्मीय शैली में कहा कि वे यहां कोई विशिष्ट अतिथि या मेहमान बनकर नहीं आए हैं, बल्कि कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में जनता के विनम्र सेवक बनकर आए हैं। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन उन्हें जीवित-जागृत जनता में होते हैं और प्रदेश की बहनों में उन्हें सुभद्रा मैया दिखाई देती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे बेहद सरल, सहज और दिन-रात काम करने वाले जनसेवक हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘विकसित ओडिशा’ का निर्माण कर रहे हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *