भारतीय तटरक्षक बल ने राष्ट्रीय तटीय सुरक्षा सम्मेलन ‘सागर सुरक्षा 2026’ की शुरुआत की
भारतीय तटरक्षक बल ने गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन प्रभाग के सहयोग से आज कोलकाता में दो दो दिन के राष्ट्रीय तटीय सुरक्षा सम्मेलन ‘सागर सुरक्षा 2026’ की शुरुआत की।
इस सम्मेलन का विषय है “तटीय सुरक्षा के लिए व्यापक दृष्टिकोण: हितधारकों की भागीदारी और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना। पश्चिम बंगाल सरकार में गृह और पर्वतीय मामलों के राज्य मंत्री विशाल लामा ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन सचिव और भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक भी उपस्थित थे।
सम्मेलन में तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और सशस्त्र बलों के एक सौ से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
‘सागर सुरक्षा 2026’ समकालीन परिचालन चुनौतियों, उभरते नए प्रकार के खतरों और देश की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के व्यावहारिक उपायों पर विचार-विमर्श का प्रमुख राष्ट्रीय मंच है।
दो दिन के इस सम्मेलन में केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर बनाने, संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने, वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा से जुड़े सभी पक्षों के बीच तालमेल बढ़ाने पर चर्चा की जा रही है। इसका उद्देश्य तटीय आबादी में सतर्कता और सुरक्षा के प्रति साझा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।





