चक्रवात अक्वान भीषण चक्रवाती तूफान में बदला, कल आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकराने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर लगातार सक्रिय है। यह पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है। तूफान के कल दोपहर तक आंध्र प्रदेश के उत्तरी और ओडिशा के दक्षिणी तटों पर नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच पहुंचने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम जिले के कुछ हिस्सों में आज भीषण चक्रवाती तूफान अक्वान के कारण तेज बारिश होने का अनुमान है। विजयनगरम, पार्वतीपुरम मन्यम, अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली जिलों के कुछ स्थानों पर भी मध्यम बारिश हो सकती है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने उत्तरी आंध्र प्रदेश के लोगों से सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने का आग्रह किया है। श्रीकाकुलम के किसानों को कटी हुई धान की फसल को तिरपाल से ढकने और आवश्यकता पड़ने पर उसे सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए कहा गया है। आंध्र प्रदेश सरकार ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय अग्निशमन दल आपातकालीन कार्यों के लिए तैयार हैं। तटीय क्षेत्र में तेज हवा के कारण बिजली बुनियादी ढांचे को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं।
उधर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कल शाम भुवनेश्वर स्थित राज्य नियंत्रण कक्ष में समीक्षा बैठक की। इसमें चक्रवात से निपटने की तैयारियों और उसके संभावित प्रभावों का जायजा लिया गया। उड़ीसा में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि दक्षिणी उड़ीसा के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। चक्रवात के कारण समुद्र में एक मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे गंजाम और पुरी के निचले इलाकों में पानी भर सकता है। राज्य सरकार ने ओड्राफ की 60 और एनडीआरएफ की 14 टीमें तैनात की हैं। गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी के जिला कलेक्टर को निर्देश दिया गया है कि वे भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं और राहत केंद्र खोलें। आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने और नुकसान को कम से कम करने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने चेतावनी दी है कि तूफान के कारण रेल, हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मछुआरों और समुद्री जहाजों को बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी है।





