अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक वृद्धि की सराहना की
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक वृद्धि की सराहना की है। उन्होंने अमरीकी फेडरल रिजर्व की आलोचना करते हुए कहा कि मजबूत आर्थिक प्रदर्शन के बावजूद ऊंची ब्याज दरें बनाए रखने से अमरीकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। एशिया की चार दिन की यात्रा से लौटने के बाद कल रात वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत में डॉनल्ड ट्रंप ने भारत का उदाहरण देते हुए यह तुलना की।
भारत की लगभग सात प्रतिशत आर्थिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अगर अमरीकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें ऊंची रखने की जगह कर्ज की लागत कम करे, तो लगभग चार प्रतिशत की दर से बढ़ रही अमरीकी अर्थव्यवस्था में 14 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है।
डॉनल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व पर मौद्रिक नीति में राजनीतिक दृष्टिकोण अपनाने और मजबूत आर्थिक संकेतकों के बावजूद कर्ज की लागत ऊंची बनाए रखने की आलोचना की।
अमरीकी राष्ट्रपति ने आगे दावा किया कि ब्याज दरों में एक प्रतिशत की कटौती से देश को कर्ज के भुगतान में 650 अरब डॉलर की बचत हो सकती है। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र में बढ़ते निवेश का भी उल्लेख किया। डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि कारखानों में उत्पादन गतिविधियां लगातार दस महीने से बढ़ रही हैं और इस वर्ष नए उपकरणों में निवेश 21 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने तेल और पेट्रोल की घटती कीमतों को भी अर्थव्यवस्था में सुधार का संकेत बताया। डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि भविष्य में पेट्रोल की कीमतें कुछ हद तक अमरीका और ईरान के बीच संभावित समझौते पर निर्भर कर सकती हैं।
अमरीकी फेडरल रिजर्व महंगाई और रोजगार सहित आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर ब्याज दरें तय करता है। इसका उद्देश्य कीमतों में स्थिरता बनाए रखना और अधिकतम रोजगार को बढ़ावा देना है।





