insamachar

आज की ताजा खबर

Indian Railways has achieved a significant breakthrough in the construction of the 6.59-kilometre-long Tunnel-14 as part of the Rishikesh-Karnaprayag rail project.
भारत

भारतीय रेल को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण सफलता मिली

भारतीय रेल को आज उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 के काम में उल्लेखनीय सफलता मिली। इस उपलब्धि से सुरंग की खुदाई के दोनों हिस्से आपस में जुड़ गए हैं। इनमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर के पोर्टल-1 और मारोड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर लंबी सुरंग पोर्टल-2 की खुदाई शामिल है।

पोर्टल-1 (टी14P1) पर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी से होकर तीन ट्रैक वाली सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई की गई। इस हिस्से के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत थी। सुरक्षित खुदाई के लिए खुदाई से पूर्व विशेष उपाय और मल्टी-ड्रिफ्टिंग (इस विधि में पूरी बड़ी सुरंग को एक साथ खोदने के बजाय, पहले उसके अंदर कई छोटे-छोटे क्षैतिज रास्ते खोदे जाते हैं और उन्हें सहारा देने के बाद आपस में जोड़कर पूरी सुरंग का आकार दिया जाता है) सहित विशिष्ट तकनीकों का उपयोग किया गया।

पोर्टल-2 (टी14पी2) पर 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग द्वारा ढलान को सुरक्षित किया गया। इन उपायों से सुरंग की मुख्य खुदाई का कार्य मार्च 2024 में आरंभ करना संभव हुआ। इससे पहले मारोड़ा में भू-धंसाव की समस्या तथा भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों का समाधान किया गया।

पोर्टल-2 पर लगभग 100 मीटर तक यांत्रिक तरीके से खुदाई की गई। आसपास की बस्तियों की सुरक्षा के लिए दोनों पोर्टल के निकट नियंत्रित विस्फोट का काम केवल दिन के समय और निर्धारित समय अनुसार किया गया।

पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर लंबे खुदाई मार्ग में सुरंग के भीतर ताजी हवा की आपूर्ति सुनिश्चित करने और तापमान नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन प्रणाली भी लगाई गईं।

सुरंग-14 के निर्माण कार्य में यह महत्वपूर्ण सफलता ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्माण कार्य में बड़ी उपलब्धि है। यह परियोजना उत्तराखंड में रेल संपर्क बेहतर बनाने के उद्देश्य से आरंभ की गई महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना पहल है। इस परियोजना से पहाड़ी क्षेत्रों तक बेहतर रेल संपर्क स्‍थापित होगा, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की यात्रा सुगम होगी तथा राज्य के महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंचना आसान होने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *