केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पंजाब के मोगा जिले से अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के चुनावी अभियान की शुरूआत की। अमित शाह ने किल्ली चाहलान गांव में ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करते हुए पंजाब को आश्वासन दिया की अगर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो 2 वर्ष के भीतर राज्य को नशामुक्त कर देगी और विधानसभा में विधेयक लाकर धर्मांतरण को कानूनी रूप से खत्म करेगी।
अमित शाह ने पंजाब में बढ़ते अपराध, नशाखोरी, धर्मांतरण, भ्रष्टाचार और किसानों की दयनीय स्थिति के लिए मौजूदा आम आदमी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने 1984 के सिख दंगों के आरोपियों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया है।
पंजाब के महान गुरुओं तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अब तक भाजपा पंजाब की राजनीति में छोटे भाई की तरह चुनाव लडती रही है, लेकिन इस बार पार्टी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।





