भारत

अश्विनी वैष्णव और गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई; नई रेल सेवा ‘स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस’ नाम से संचालित की जाएगी

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज जैसलमेर स्टेशन से नई जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) रेल सेवा की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अश्विनी वैष्णव ने जनभावना को देखते हुए घोषणा की कि जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) एक्सप्रेस का नाम स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस रखा जाएगा।

जैसलमेर-दिल्ली (शकूर बस्ती) जैसलमेर एक्सप्रेस के शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी और राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। रामदेवरा, जोधपुर, मकराना, जयपुर और अलवर जैसे शहर अब राष्ट्रीय राजधानी से अधिक आसानी और सुविधा से जुड़ जाएँगे।

यह नई सेवा उन्नत चिकित्सा और शैक्षिक सुविधाओं तक आसान पहुँच प्रदान करेगी, प्रमुख पर्यटन स्थलों से संपर्क में सुधार लाएगी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी। एक विश्वसनीय और सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करके यह ट्रेन निवासियों, पर्यटकों, छात्रों और व्यवसायों सभी को समान रूप से लाभान्वित करेगी और क्षेत्रीय गतिशीलता और विकास को मज़बूत करेगी।

अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल तेज़ी से प्रगति कर रही है और प्रतिदिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय रेल अपनी विकास यात्रा को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में रेलवे विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं और लगभग 55,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएँ वर्तमान में प्रगति पर हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में रेल नेटवर्क के विस्तार के अंतर्गत अनूपगढ़ से खाजूवाला, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और भाभर तक एक नई लाइन का प्रस्ताव विभिन्न चरणों में है। इन लाइनों के निर्माण से न केवल आम जनता को लाभ होगा बल्कि सशस्त्र बलों के लिए रणनीतिक सहायता में भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 2014 से पहले राजस्थान के लिए वार्षिक बजट आवंटन केवल लगभग 680 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर लगभग 10,000 करोड़ रुपये हो गया है। पोकरण स्टेशन पर रेल सुविधाओं के बारे में उन्होंने कहा कि रामदेवरा-पोकरण वाया भैरव गुफा और कैलाश टेकरी नई रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद इस स्टेशन पर सभी ट्रेनें रुकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को इस लाइन का काम त्वरित गति से करने के निर्देश भी दिए।

अश्विनी वैष्णव ने जैसलमेर स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को कोचिंग डिपो के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि जैसलमेर से और अधिक रेलगाड़ियाँ संचालित की जा सकें।

अश्विनी वैष्णव ने जैसलमेर स्टेशन के पुनर्विकास के बारे में कहा कि इसका कायाकल्प 140 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में लगभग 4,000 करोड़ रुपये के निवेश से 85 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। राजस्थान में रेलवे के बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने के लिए, छह जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें और एक जोड़ी अमृत भारत ट्रेन सहित अन्य सेवाएँ संचालित की जा रही हैं और पिछले छह महीनों में इस ट्रेन सहित आठ नई ट्रेनें शुरू की गई हैं। उन्होंने जैसलमेर और जोधपुर के बीच ट्रैक नवीनीकरण कार्य को प्राथमिकता से करने के भी निर्देश दिए।

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कार्यक्रम के दौरान अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में सांसद उम्मेदा राम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी और विधायक छोटू सिंह ने भी अपने संबोधन में नई रेल सेवा और रेलवे विकास कार्यों के लिए अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

Editor

Recent Posts

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार ने सभी जनजातीय समुदायों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखा

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार ने सभी जनजातीय समुदायों को समान नागरिक…

3 मिनट ago

अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने प्रतिनिधियों को ईरान के साथ किसी समझौते में जल्दबाजी नहीं करने को कहा

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को ईरान के…

9 मिनट ago

विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा – भारत और अमरीका आतंकवाद के सभी रूपों से मुकाबले के लिए तत्‍पर

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और अमरीका आतंकवाद के हर…

12 मिनट ago

आईपीएल: दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रनों से हराया

आईपीएल क्रिकेट के अंतिम लीग मैच में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40…

19 मिनट ago

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 28 मई को होने वाली सीयूईटी स्‍नातक परीक्षा 2026 स्थगित की

राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने 28 मई को होने वाली संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा की…

37 मिनट ago

पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 61 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 2 रुपये 71 पैसे की वृद्धि

पेट्रोल की कीमतों में आज दो रुपये 61 पैसे और डीजल में दो रुपये 71…

39 मिनट ago