भारत

ब्रिक्स खेल मंत्रियों ने विशाखापत्तनम बैठक में संयुक्त घोषणा-पत्र पारित किया

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक 2026 संपन्न हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से ‘ब्रिक्स खेल संयुक्त घोषणा-पत्र’ को पारित किया गया, जिसमें सदस्य देशों ने बातचीत, आपसी सम्मान और समावेशिता के माध्यम से खेल के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

भारत की ‘ब्रिक्स अध्यक्षता 2026’ के तहत आयोजित इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और खेल क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए, ताकि सहयोग की प्राथमिकताओं और खेलों के विकास पर चर्चा की जा सके।

अपने शुरुआती संबोधन में, केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने एक ब्रिक्स खेल साझेदारी बनाने का आह्वान किया, जो सदस्य देशों के साझा दृष्टिकोण को ठोस खेल सहयोग में बदले।

डॉ. मांडविया ने कहा, “हमें एक ऐसी ब्रिक्स खेल साझेदारी का निर्माण करना चाहिए जो केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर खेल सहयोग के लिए वास्तविक मंच तैयार करे—चाहे वह एथलीटों और कोचों का आदान-प्रदान हो, संयुक्त प्रतियोगिताएं हों या खेल विज्ञान के ज्ञान का साझाकरण हो।”

राष्ट्र-निर्माण में खेल की भूमिका पर ज़ोर देते हुए, डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मैदान से मंच तक अवसरों का निर्माण कर अपने खेल परिवेश का कायाकल्प कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने खेल सामग्री निर्माण को मजबूत करने के भारत के प्रयासों को रेखांकित किया और बताया कि जल्द ही शुरू होने वाली ‘खेल सामग्री निर्माण क्लस्टर संवर्धन योजना’ निवेश को सुगम बनाएगी और वैश्विक बाजारों के लिए घरेलू निर्माण को बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा, “हम वैश्विक निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों और निवेशकों को ‘मेक इन इंडिया’, ‘प्ले इन इंडिया’ और ‘ग्रो विद इंडिया’ का आमंत्रण देते हैं।”

डॉ. मांडविया ने पैरा-स्पोर्ट्स (दिव्यांग खेल) संवर्धन पहलों और खेलों में महिलाओं की अधिक भागीदारी के लिए नए रास्ते बनाकर खेल को अधिक समावेशी बनाने की भारत की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत तीन प्रमुख पहल

भारत की अध्यक्षता के दौरान, खेलों में सहयोग को और मज़बूत करने के लिए तीन अहम पहलों को आगे बढ़ाया गया है:

खेल प्रौद्योगिकी पर ब्रिक्स कार्य समूह

यह कार्य समूह खेल विज्ञान, एथलीट प्रदर्शन, प्रशासन, एआई, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार में ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करेगा। इसमें भारत प्रमुख खेल क्षेत्रों के विशेषज्ञों के ज़रिए अपना योगदान देगा।

ब्रिक्स खेल सामग्री निर्माण पर सम्मेलन

ब्रिक्स खेल निर्माण सामग्री पर सम्मेलन के लिए भारत के प्रस्ताव को व्यापक समर्थन मिला है। इसके तहत, नवंबर 2026 में होने वाले पहले आयोजन के लिए राजस्थान के उदयपुर शहर को मेज़बान बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह सम्मेलन सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों, प्रौद्योगिकी व नवाचार, गुणवत्ता मानकों, अंतर-ब्रिक्स व्यापार और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं के आदान-प्रदान पर ध्यान केंद्रित करेगा, साथ ही यह निर्माताओं, निर्यातकों, निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप्स और शोध संस्थानों को एक मंच पर लाएगा।

ब्रिक्स पारंपरिक और देसी खेल प्रदर्शन खेल 2026 :

12-13 अक्टूबर 2026 को अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित किए जाने के लिए प्रस्तावित ये खेल, ब्रिक्स देशों को अपनी विविध पारंपरिक और देसी खेल विरासत को प्रदर्शित करने और संरक्षित करने के लिए एक मंच प्रदान करेंगे। बिना प्रतिस्पर्धा वाले और सांस्कृतिक रूप से केंद्रित इस आयोजन का मकसद सांस्कृतिक आदान-प्रदान, लोगों के बीच आपसी संबंध और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।

ये खेल, भाग लेने वाले देशों के एथलीटों और खिलाड़ियों की स्वैच्छिक भागीदारी को भी बढ़ावा देंगे, जहाँ भी यह उचित और संभव हो। हर खेल से जुड़ी सांस्कृतिक अहमियत, रीति-रिवाजों और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को ध्यान में रखते हुए, भागीदारी के लिए साझा सांस्कृतिक संवेदनशीलता प्रोटोकॉल और आपसी सम्मान के नियम तय किए जाएंगे।

ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग कार्यक्रम

औपचारिक कार्यक्रमों से पहले, हिस्सा लेने वाले मंत्री और गणमान्य व्यक्ति विशाखापत्तनम में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण के तहत आयोजित ‘ब्रिक्स फ्रेंडशिप साइक्लिंग इवेंट’ में शामिल हुए। डॉ. मनसुख मांडविया और युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, यूएई, ईरान और दक्षिण अफ्रीका के मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम में खेल के ज़रिए फ़िटनेस, स्वस्थ जीवन-शैली और लोगों के बीच आपसी संबंध को बढ़ावा देने के लिए ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता दिखाई दी।

प्रतिनिधिमंडलों ने भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई प्रगति का स्वागत करते हुए युवा विकास, समावेश, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने में खेल की भूमिका को फिर से दोहराया।

डॉ. मांडविया ने ब्रिक्स के दायरे में खेलों में सहयोग को मज़बूत करने के लिए लगातार प्रतिबद्धता दिखाने वाले सभी देशों की सराहना की और भरोसा जताया कि यह साझेदारी सदस्य देशों के बीच सार्थक और लंबे समय तक चलने वाले खेल सहयोग में बदलेगी।

इस बैठक के परिणाम भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के मुख्य विषय “अनुकूलता, नवाचार, सहयोग और संवहनीयता” के निर्माण” में योगदान देते हैं।

Editor

Recent Posts

NielsenIQ और वर्ल्ड डेटा लैब ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में, भारत में 2036 तक 10 करोड 80 लाख धनी उपभोक्ता होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया

नीलसन- आईक्यू और वर्ल्ड डेटा लैब ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में, भारत में 2036 तक…

14 मिनट ago

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए अधिकृत देशों के जहाजों को देना होगा सेवा शुल्क: ईरान

ईरान ने कहा है कि अधिकृत देशों के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के…

58 मिनट ago

NSDC और कल्टस एजुकेशन ने AWS के सहयोग से देशव्यापी क्लाउड और एआई कौशल पहल की शुरुआत की

कौशल विकास एवं उद्यमशिलता मंत्रालय (एमएसडीई), भारत सरकार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम…

1 घंटा ago

सर्बानंद सोनोवाल ने पारादीप पत्तन पर ₹427.80 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्लू) सर्बानंद सोनोवाल ने ओडिशा के पारादीप स्थित…

2 दिन ago

सरकार ने वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और घरेलू स्तर पर मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए 62,500 करोड़ रुपये की मोबाइल फोन विनिर्माण योजना की घोषणा की

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने 62,500 करोड़ रुपये के बजट के साथ मोबाइल…

2 दिन ago

ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों ने जयपुर घोषणापत्र को पारित किया

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक आज जयपुर में संपन्न हुई। इस…

2 दिन ago