भारत

सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने हिंद महासागर क्षेत्र में युद्ध क्षमता बढ़ाने पर आयोजित सेमिनार में वायु और नौसेना के समन्वित संचालन की आवश्यकता पर बल दिया

दक्षिणी वायु कमान मुख्यालय ने सेंटर फॉर एयर पावर स्टडीज (सीएपीएस) के सहयोग से 25 फरवरी 2025 को “वायु और नौसेना बलों में समन्वय: हिंद महासागर क्षेत्र में लड़ाकू शक्ति को बढ़ाना” विषय पर एक सेमिनार आयोजित की। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान इस सेमिनार के मुख्य अतिथि थे और उनके साथ वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल एसपी धारकर भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने उभरते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में तैयारियों और सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की खास भौगोलिक स्थिति समुद्री क्षेत्र को रणनीतिक हित के लिहाज से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाती है। संयुक्त बल योजना बनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा और क्षेत्र में प्रतिरोध सुनिश्चित करने के लिए वायु और नौसेना शक्ति का एकीकरण आवश्यक है। उन्होंने आगे विस्तार से बताते हुए कहा कि तकनीकी प्रगति, रणनीतिक साझेदारी और संयुक्त परिचालन अभ्यास भारत की रक्षा स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। एयर मार्शल एसपी धारकर ने अपने मुख्य संबोधन में क्षेत्र में उभरते खतरों से निपटने के लिए भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के बीच वास्तविक समय के आधार पर खुफिया जानकारी साझा करने और निर्बाध समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला।

सेमिनार में दो सत्र आयोजित किए गए, जिसमें मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ, मुख्यालय दक्षिणी वायु कमान, भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और सीएपीएस के वरिष्ठ अधिकारी, सेवारत और सेवानिवृत्त दोनों ही एक साथ आए। प्रतिभागियों ने समुद्री हवाई संचालन में तालमेल बिठाने और युद्ध क्षमता बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया, संयुक्त परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने पर मूल्यवान जानकारियां और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। चर्चाओं में आधुनिक हवाई-समुद्री युद्ध रणनीतियों, समुद्री सुरक्षा में मानव रहित प्रणालियों की भूमिका और रक्षा तैयारियों पर बदलती भू-राजनीतिक स्थियों के प्रभाव को शामिल किया गया। विशेषज्ञों ने आईओआर में रणनीतिक बढ़त बनाए रखने के लिए बल की तत्परता और संसाधन आवंटन को बेहतर बनाने पर सिफारिशें भी दीं।

इस कार्यक्रम ने अंतर-सेवा सहयोग को बढ़ावा देने और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। यह रक्षा पेशेवरों के लिए मजबूत समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विचारों और सर्वोत्तम तौर-तरीकों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच के रूप में भी काम आया। सेमिनार का समापन भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए निरंतर सहयोग, लगातार आधुनिकीकरण और क्षमता में बढ़ोतरी पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता पर आम सहमति के साथ हुआ।

Editor

Recent Posts

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने कोलकाता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक की

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना…

10 घंटे ago

NHAI ने वर्ष 2025-26 के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर पहली वार्षिक रिपोर्ट – हरित आवरण सूचकांक (NH-GCI) जारी की

राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे पौधारोपण का मात्रात्मक आकलन प्रदान करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय राजमार्ग…

10 घंटे ago

भारत और न्यूजीलैंड ने 2026 में खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में खेलों में सहयोग के विस्तार पर चर्चा की

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में न्यूजीलैंड…

10 घंटे ago

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चर्चा के लिए जी-7 देशों ने आज एक आपात बैठक बुलाई

ईरान के साथ अमरीका-इस्राएल संघर्ष तेज़ होने से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चर्चा…

14 घंटे ago

प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने BabyQ प्राइवेट लिमिटेड, कटक को बालपन अतिसार के त्वरित जांच संबंधी उपकरण विकसित करने में सहयोग दिया

केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने ओडिशा के कटक स्थित बेबीक्यू…

15 घंटे ago

कुनो राष्ट्रीय उद्यान में ‘ज्वाला’ ने पांच शावकों को जन्म दिया, भारत में चीतों की संख्या 53 हुई

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को जानकारी दी कि…

15 घंटे ago