बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी -बीएनपी ने 13वें आम चुनाव में शानदार जीत हासिल करते हुए दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। पार्टी अगली सरकार बनाने के लिए तैयार है।
बीएनपी और उसके सहयोगी दल अब तक घोषित 284 निर्वाचन क्षेत्रों में से 208 में आगे चल रहे हैं, जो लगभग दो दशक बाद सत्ता में वापसी के लिए स्पष्ट जनादेश का संकेत है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान और महासचिव मिर्ज़ा फखरुल ने अपने–अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है, साथ ही कई वरिष्ठ नेताओं ने भी विजय प्राप्त की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। चुनाव आयोग ने कहा कि संसदीय चुनाव और साथ ही हुए जनमत संग्रह में 59.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 299 निर्वाचन क्षेत्रों में ये दोनों मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, शेष सीटों और जनमत संग्रह के लिए मतगणना अभी जारी है।





