भारत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचे

भारत और अमेरिका मिलकर एक ऐसी दुर्जेय ताकत बनते हैं, जो दुनिया में शांति, समृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित कर सकती है। यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 22 अगस्त, 2024 को चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचने के बाद भारतीय प्रवासियों से बातचीत करते हुए कही। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका स्वाभाविक सहयोगी हैं, जो नियति से मजबूत साझेदार हैं और यह सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व के तहत वैश्विक मंच पर भारत का कद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन आज उसकी बात पूरी दुनिया बड़े ध्यान से सुनती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत निवेश फर्म मॉर्गन स्टेनली द्वारा गढ़े गए ‘नाज़ुक पांच’ देशों में से एक था, और आज भारत दुनिया की ‘शानदार पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने इस फर्म की अभी हाल की रिपोर्ट का संदर्भ देते हुए कहा कि आज उसमें बताया गया है कि भारत वर्ष 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोविड-19 महामारी के बारे में सरकार की कार्रवाई ने यह सुनिश्चित किया कि अन्य देशों की तुलना में भारतीय अर्थव्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

राजनाथ सिंह ने इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि सरकार 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपरलाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि नवीनतम आंकड़ों के अनुसार खुदरा मुद्रास्फीति पांच साल के निचले स्तर 3.54 प्रतिशत पर आ गई है और विदेशी मुद्रा भंडार 675 बिलियन डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

रक्षा मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ प्राप्‍त करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्‍लेख किया, जिसमें 5,000 से ज़्यादा वस्तुओं वाली सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची की अधिसूचना भी शामिल है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह सुनिश्चित करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि अत्याधुनिक रक्षा वस्तुओं का निर्माण भारत भूमि पर घरेलू कंपनियों द्वारा किया जाए।

राजनाथ सिंह ने इस तथ्य को स्वीकार किया कि मौजूदा सरकार के सत्ता में आने से पहले रक्षा निर्यात 600 करोड़ रुपये का था, जो अब उल्लेखनीय रूप से बढ़कर 21,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों के कारण, देश में स्टार्ट-अप की संख्या जो वर्ष 2014 में लगभग 400 थी अब बढ़कर 1.20 लाख हो गई है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय सरकार की नीतियों और योजना के साथ-साथ इच्छाशक्ति को दिया। प्रधानमंत्री के विजन का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “हम विकसित भारत को एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनाना चाहते हैं”।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन के समापन में अमेरिका में भारतीय समुदाय से ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ (विश्व एक परिवार है) की भावना के अनुरूप पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने का आग्रह किया।

राजनाथ सिंह के आगमन के साथ ही दोनों पक्षों के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने दो प्रमुख समझौतों-आपूर्ति प्रबंधन की सुरक्षा (एसओएसए) और संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति के संबंध में समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए।

अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक आयोजित करेंगे। वह राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए राष्ट्रपति के अमेरिकी सहायक जेक सुलिवन से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वे मौजूदा और भविष्य के रक्षा सहयोग पर अमेरिकी रक्षा उद्योग के साथ एक उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करेंगे। रक्षा मंत्री की इस यात्रा से भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत और व्यापक होने की उम्मीद है।

Editor

Recent Posts

ओपेक प्लस ने अगस्त से प्रतिदिन 5 लाख 48 हजार बैरल तेल उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई

पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन-ओपेक प्लस ने वैश्विक तेल बाजार की स्थितियों की समीक्षा के…

10 घंटे ago

मौसम विभाग ने गुजरात, कच्छ, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने आज गुजरात, कच्छ, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में मूसलाधार बारिश…

12 घंटे ago

केंद्र सरकार ने मेटा को इंस्टाग्राम से बच्चों के शोषण से जुड़े विज्ञापन हटाने का आदेश देते हुए सात दिन के भीतर जवाब मांगा

सरकार ने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर शुल्क वाले विज्ञापनों में बाल यौन शोषण और…

12 घंटे ago

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने आज कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के पहले जत्थे को तनकपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के पहले जत्थे…

12 घंटे ago

सरकार ने होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति फिर शुरू होने पर एलएनजी की आपातकालीन पाबंदियां हटाईं

सरकार ने तरल प्राकृतिक गैस – एल एन जी की आपूर्ति से आपातकालीन पाबंदियां हटा…

12 घंटे ago

भारतीय नौसेना के जहाजों ने सिंगापुर का सफल दौरा संपन्न किया

भारत और सिंगापुर के बीच गहरी रणनीतिक और समुद्री साझेदारी को सुदृढ़ करते हुए, भारतीय…

12 घंटे ago