भारत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए, खडकवासला में 151वें पाठ्यक्रम, शरद सत्र 2026 की पासिंग आउट परेड की समीक्षा की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 29 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 151वें पाठ्यक्रम शरदकालीन सत्र-2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के जवानों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन वीरों के बलिदान एवं शौर्य ने देश की स्वतंत्रता सुनिश्चित की है और आज भी हमारे सशस्त्र बल देश की संप्रभुता की रक्षा कर रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं से नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा, “दुनिया बड़े भू-राजनीतिक बदलावों और तकनीकी प्रगति के दौर से गुजर रही है। इन बदलावों ने युद्ध के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। अब संघर्ष केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैल चुके हैं।” उन्होंने कहा कि युद्ध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण के तरीके समय के साथ विकसित हो रहे हैं, ऐसे में कैडेटों में निरंतर सीखने की भावना बनी रहनी चाहिए। आज जो तकनीकें प्रासंगिक हैं, वे कल पुरानी पड़ सकती हैं या अप्रासंगिक हो सकती हैं।

रक्षा मंत्री ने भारत में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को ऐसे भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए, जहां तकनीकी क्षमताएं और मशीनी शक्ति मानव संसाधन की पूरक बनकर अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत की क्षमताओं को मजबूत करने और देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए अपनी बौद्धिक क्षमता व मानव संसाधन के सामंजस्यपूर्ण उपयोग पर ध्यान दें।

राजनाथ सिंह ने सैन्य नेतृत्व में विश्वास और सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने वरिष्ठ का अनुसरण केवल उनके पद या अधिकार के कारण नहीं करते, बल्कि इसलिए करते हैं क्योंकि वे उनका विश्वास जीतते हैं और सम्मान अर्जित करते हैं। राजनाथ सिंह ने कैडेटों से अपने साथी सैनिकों को परिवार का हिस्सा मानने, कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस तथा संयम के साथ अपनी टीम का नेतृत्व करने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि सैन्य जीवन में शारीरिक फिटनेस और साहस के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, धैर्य एवं आत्मविश्वास भी उतने ही आवश्यक हैं।

रक्षा मंत्री ने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने में योगदान के लिए कैडेटों के परिवारों और प्रशिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा, “जब युवा कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए अपना घर छोड़ते हैं, तो उनके परिवारों को भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।” राजनाथ सिंह ने कहा कि कैडेटों को अपने परिवारों के विश्वास एवं त्याग का सम्मान करना चाहिए तथा अपने माता-पिता, गुरुओं और देश का नाम रोशन करना चाहिए।

राजनाथ सिंह ने मित्र राष्ट्र के कैडेटों को संबोधित करते हुए भारतीय कैडेटों के साथ उनके प्रशिक्षण को दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों और मित्रता का प्रतीक बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में सीखे गए मूल्यों, आपसी भाईचारे व परस्पर सम्मान की भावना को अपने साथ लेकर जाएंगे तथा सद्भावना और शांति के दूत के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।

इस परेड में कुल 1,250 कैडेटों ने भाग लिया, जिनमें पासिंग आउट कोर्स के 369 कैडेट शामिल थे। इन कैडेटों ने पूरे अनुशासन, लय और तालमेल के साथ ‘अंतिम पग’ पार किया, जो उनके प्रशिक्षण के अगले चरण में प्रवेश का प्रतीक है। परेड का संचालन एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश पांडे ने अपने घोड़े ‘रिलायंट रॉबिन’ पर सवार होकर किया। वहीं, परेड की कमान किलो स्क्वाड्रन के अकादमी कैडेट कैप्टन (एसीसी) सार्थकराज सागर पाटिल ने संभाली।

एनडीए के कैडेटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो उनके उच्चस्तरीय सैन्य प्रशिक्षण को दर्शाता है। समीक्षा अधिकारी ने समग्र योग्यता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बटालियन कैडेट कैप्टन अंकित कुमार सिंह को ‘प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल’ प्रदान किया। दूसरे स्थान पर रहे अकादमी कैडेट कैप्टन सार्थकराज सागर पाटिल को ‘प्रेसिडेंट्स सिल्वर मेडल’ और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले अकादमी कैडेट एडजुटेंट ऋषि को ‘प्रेसिडेंट्स ब्रॉन्ज मेडल’ से सम्मानित किया गया।

समारोह का समापन सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के शानदार हवाई प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कैडेटों के अभिभावक, गणमान्य व्यक्ति, स्कूली बच्चे, आम नागरिक तथा सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी उपस्थित रहे। समारोह में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट वाइस एडमिरल अनिल जग्गी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद ये कैडेट एनडीए के पूर्व छात्र के रूप में अपनी-अपनी सेवाओं और प्री-कमीशनिंग प्रशिक्षण अकादमियों में आगे का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जाएंगे। वे इस प्रतिष्ठित संस्थान की उत्कृष्टता, समावेशिता और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने एक गरिमामय समारोह में ‘हट ऑफ रिमेंब्रेंस’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी का सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। 10वें से 17वें कोर्स के कैडेटों ने श्रमदान से इसका निर्माण किया था। यह स्मारक द्वितीय विश्व युद्ध और स्वतंत्रता के बाद जम्मू-कश्मीर में हुए सैन्य अभियानों के दौरान भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में बनाया गया था। बाद में, यह उन पूर्व एनडीए अधिकारियों की स्मृति को समर्पित एक जीवंत स्मारक बन गया, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर किए। साथ ही, यहां उन एनडीए कैडेटों की स्मृतियां भी संजोई गई हैं, जिनका प्रशिक्षण के दौरान दुर्भाग्यवश निधन हो गया था।

Editor

Recent Posts

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा – नशीले पदार्थों की लत से लड़ाई में देशभर में जनभागीदारी बढ़ रही है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा…

5 सेकंड ago

क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 243 रनों की बढ़त बनाई

क्रिकेट में, मेजबान न्यूजीलैंड ने क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन…

4 मिनट ago

इस्राएल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने अपने प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़ेनकोत को सत्‍ता में साझेदारी का प्रस्‍ताव दिया

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने प्रस्तावित राष्ट्रीय एकता सरकार में बारी-बारी से प्रधानमंत्री के…

4 घंटे ago

महिला एशियाई हॉकी चैंपियन्‍स ट्रांफी में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर चौथी बार खिताब जीता

भोपाल में कल फाइनल में भारत ने चीन को तीन–एक से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार…

4 घंटे ago

57वां अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव गोवा में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव कल शाम गोवा में संपन्न हो गया। समारोह में गोवा…

5 घंटे ago

45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में संपन्न हुआ

45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 शुक्रवार, 27 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत…

5 घंटे ago