असम, केरल, पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में एक ही चरण में जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होगा चुनाव
निर्वाचन आयोग ने चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। असम, केरल, पुद्दुचेरी और तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कल नई दिल्ली में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि असम, केरल और पुद्दुचेरी में 9 अप्रैल को, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण और 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए मतदान होगा।
पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। सभी सीटों की मतगणना एक साथ यानी, 4 मई को होगी।
चार राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी के वोटों की गिनती चार मई को होगी। असम, केरल और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की अधिसूचना सूचना आज जारी होगी। तमिलनाडु के लिये अधिसूचना तीस मार्च को जारी की जायेगी। पश्चिम बंगाल के पहले चरण की अधिसूचना भी तीस मार्च को और दूसरे चरण की अधिसूचना दो अप्रैल को जारी होगी। निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आचार संहिता लागू होने से पहले जो भी कदम उठाए गए, वे संबंधित सरकार का विशेषाधिकार है, लेकिन अब से आचार संहिता के नियम लागू होंगे। पश्चिम बंगाल चुनाव के बारे में निर्वाचन आयोग ने विस्तार से चर्चा की है। इसे पहले आठ चरणों की बजाय अब दो चरणों में कराया जाएगा। आयोग का मानना है कि चरणों की संख्या को कम करना ज़रूरी था ताकि यह प्रक्रिया सभी के लिए आसान और सुविधाजनक हो सके।





