insamachar

आज की ताजा खबर

first phase of the Budget session concluded today both houses of Parliament will resume their meetings from March 9
भारत मुख्य समाचार

बजट सत्र का पहला चरण आज संपन्न, संसद के दोनों सदनों की बैठक नौ मार्च से फिर शुरू होगी

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। यह 9 मार्च को बजट सत्र के दूसरे चरण में बैठक शुरू होगी। बजट सत्र का पहला चरण पिछले महीने की 28 तारीख को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दोनों सदनों में संयुक्त अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। दो चरणों में आयोजित बजट सत्र का दूसरा चरण इस वर्ष 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा।

लोकसभा में पहले स्‍थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर कई मंत्रियों ने अपने मंत्रालय से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद, पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने सदन को स्थगित कर दिया। इससे पहले, सदन में प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कोडीन युक्त कफ सिरप के सेवन से हुई मौतों से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण वे अपना उत्तर पूरा नहीं कर सके। उन्होंने सदस्यों से सदन को चलने देने का आग्रह किया परंतु विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा। शोरशराबे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इस बीच, राज्यसभा में शून्यकाल और प्रश्नकाल दोनों की कार्यवाही सुचारू रूप से संपन्न हुई। सुबह सदन की बैठक शुरू होने पर कई सदस्यों ने अपने दस्‍तावेज पटल पर रखे। राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें 28 जनवरी को संसद के संयुक्‍त अधिवेशन में दिए गए अभिभाषण के लिए सदस्यों के धन्यवाद प्रस्‍ताव प्राप्त हुए है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *