भारत ने तीसरी बार ICC T20 विश्व कप जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया
भारत ने तीसरी बार आईसीसी टी-ट्वेंटी विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में टी-20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में भारत, न्यूजीलैंड को मात देकर फिर से चैंपियन बन गया। इसके साथ ही वह टी-20 विश्व कप तीसरी बार जीतने वाला पहला देश भी बन गया है। भारत ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रन का विशाल लक्ष्य दिया था, लेकिन न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में केवल 159 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत टी-20 वर्ल्ड कप लगातार दूसरी बार जीतने वाला देश भी बन गया है। भारत के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने केवल 15 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल ने 27 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच और संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आईसीसी टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत को तीन बार विश्व कप जीतने वाला एकमात्र देश बनने का गौरव प्राप्त हुआ है और भारतीय क्रिक्रेट टीम लगातार दो बार कप जीतने वाली एकमात्र टीम भी बन गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि फाइनल में ऐतिहासिक विजय देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह शानदार जीत टीम के असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम ने ज़बरदस्त हौसला दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है।




