ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की इजरायली और US हमलों में मौत
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमरीका और इस्राएल के हवाई हमलों में मौत हो गई है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, इन हमलों में ईरान के लगभग चालीस अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत अमरीका और इस्राएल के संयुक्त हवाई हमले के बाद हुई है, जिसमें ईरानी सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया। एक वरिष्ठ इस्राएली अधिकारी के अनुसार, खामेनेई का शव बरामद कर किया गया है। इससे पहले, राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यमिन नेतन्याहू ने कहा था पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ गया और पूरे क्षेत्र में व्यापक जवाबी कार्रवाई हुई। ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालयों के पास तेहरान समेत कई शहरों में विस्फोटों की खबर मिली। ईरान सरकारी मीडिया ने कम से कम दो सौ एक लोगों की मौत और सात सौ से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना दी है।
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खबर दी है कि ईरान के सैन्य प्रमुख और रक्षा मंत्री की हवाई हमले में मौत हो गई है। ख़बर के अनुसार, जनरल अब्दोल रहीम मुसावी, रक्षा मंत्री जनरल अजीज नसीरजादे और ईरान के अर्द्धसैनिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड तथा प्रमुख सुरक्षा सलाहकार अली शामखानी बैठक के दौरान हमले में मारे गए।
इस बीच, नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के शोक में तेहरान, इस्फ़हान और मशहद में हजारों लोग एकत्र हुए हैं। ईरान का सरकारी मीडिया उनकी मौत को राष्ट्र की संप्रभुता के लिए एक निर्णायक बलिदान कह रहा है। इस बीच, ईरान में नेतृत्व परिवर्तन और राष्ट्रीय सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला ख़ामनेई की हत्या ईरान और अमरीकी जनता के लिए न्यायसंगत है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर उन्होंने कहा कि यह ईरानी नागरिकों के लिए सत्ता फिर से अपने हाथ में लेने का अभूतपूर्व अवसर है।





