इस्लामिक स्टेट आतंकी गुट ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली
इस्लामिक स्टेट आतंकी गुट ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कल शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। हमले में 31 लोग मारे गए और 170 घायल हुए थे। आतंकवादी गुट ने आत्मघाती हमलावर सैफुल्लाह अंसारी की एक तस्वीर भी जारी की है। उसने इस हमले को अपने वैचारिक विरोधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा बताया है।
इस बीच, भारत ने इस्लामाबाद की मस्जिद पर हुए बम हमले की निंदा की है और इसमें जान-माल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को अपने सामाजिक ताने-बाने से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने की ज़रूरत है, लेकिन वह दूसरों को दोषी ठहराकर खुद को भ्रमित कर रहा है।





