लोकसभा ने ध्वनि मत से वित्त विधेयक 2026 पारित कर दिया है। यह विधेयक वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को लागू करने का प्रावधान करता है। सदन ने सरकार द्वारा प्रस्तावित संशोधनों को मंजूरी दे दी।
आज सदन में वित्त विधेयक, 2026 पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि सरकार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों – एमएसएमई, किसानों तथा सहकारी समितियों को सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि ये रोजगार सृजन, उत्पादन और देश के समग्र विकास के केंद्र में हैं। निर्मला सीतारामन ने कहा कि यह वित्त विधेयक मध्यम वर्ग पर केंद्रित है और सरकार ने 17 महत्वपूर्ण जीवन रक्षक दवाओं पर बुनियादी सीमा शुल्क से छूट दी है।
हमने 17 जीवन रक्षक दवाओं पर बुनियादी सीमा शुल्क से छूट दी है। क्या इससे छोटे परिवारों, आम नागरिकों को लाभ नहीं होगा जिनके परिवार के बुजुर्ग या सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं और जिन्हें ये महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं?
पश्चिम एशिया संकट और उभरती चुनौतियों का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार इन चुनौतियों से निपटने और उनके प्रभाव को कम करने के लिए कदम उठा रही है। निर्मला सीतारामन ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष सरकार के साथ खड़े होने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना कदम उठा रहा है और जनता को गुमराह कर रहा है।





