राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन-एनसीएच ने 31 क्षेत्रों में 52 करोड़ रुपये से ज़्यादा का रिफंड दिया है। एनसीएच ने पिछले नौ महीने में उपभोक्ताओं के रिफंड क्लेम से जुड़ी 79 हज़ार शिकायतों का समाधान करके यह रिफंड दिया। उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि रिफंड मुकदमेबाजी से पहले के चरण में ही मिल गए, जिससे उपभोक्ता को उपभोक्ता आयोग में जाए बिना समय पर राहत मिल सकी।
उपभोक्ता कार्य विभाग की यह विशेष पहल उपभोक्ता सुरक्षा अधिनियम, 2019 के तहत आसान और समय पर शिकायत सुलझाने में अहम भूमिका निभाती है। कन्वर्जेंस मॉडल के ज़रिए काम करते हुए, हेल्पलाइन तय समय में समाधान के लिए कंपनियों को डिजिटल रूप से शिकायतें भेजती है, जिसमें लगातार निगरानी की जाती है।





