NHRC ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स में एक अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट में 18 श्रमिकों की कथित मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स के थांगस्काई क्षेत्र में 5 फरवरी, 2026 को एक अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट में 18 श्रमिकों की मौत की मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। खबरों के अनुसार, इस घटना में कई अन्य लोग अज्ञात गहराई में फंसे हुए हैं।
आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य सत्य हैं, तो वे पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मुद्दा उठाते हैं। अतः आयोग ने मेघालय के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है।
रिपोर्ट में बचाव अभियान की स्थिति, पीड़ित परिवारों को दिए गए मुआवजे और पुलिस जांच के साथ-साथ अधिकारियों द्वारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उठाए गए/प्रस्तावित कदमों को शामिल किया जाना अपेक्षित है।





