भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने आज कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज मलेशिया के प्रधानमंत्री, महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम द्वारा पेरडाना पुत्रा परिसर में स्वागत किया गया और उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद, दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आधिकारिक निवास, सेरी पेरडाना में सीमित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।

दोनों नेताओं ने कई मुद्दों पर बातचीत की और 2024 में दोनों देशों के बीच स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने भारत-मलेशिया के सदियों पुराने संबंधों और प्रगाढ़ जन-संपर्क को याद किया, जो इस साझेदारी की आधारशिला हैं। नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्र शामिल रहे। उन्होंने सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। नेताओं ने द्विपक्षीय डिजिटल काउंसिल के माध्यम से दोनों देशों के बीच डिजिटल सहयोग में हुई निरंतर प्रगति की सराहना की और फिनटेक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई और पे-नेट के बीच हुए समझौते का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने संसदीय और यूनिवर्सिटी एक्सचेंज के माध्यम से युवाओं के बीच जुड़ाव को मजबूत करने का आह्वान किया। इस संदर्भ में, उन्होंने भारत के नालंदा विश्वविद्यालय और यूनिवर्सिटी मलाया, तथा IIT मद्रास और मलेशिया की एडवांस्ड सेमीकंडक्टर एकेडमी के बीच चल रहे सहयोग का स्वागत किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मलेशिया में भारत के पहले वाणिज्य दूतावास के खुलने से वाणिज्यिक और जन-संपर्क संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

दोनों नेताओं ने आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण साझा किए, जिनमें ग्लोबल गवर्नेंस सुधार, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और बढ़ती भारत-आसियान साझेदारी शामिल रही। प्रधानमंत्री ने एआईटीआईजीए की समीक्षा को जल्द से जल्द पूरा करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने 2025 में आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को बधाई भी दी। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले और लाल किले के विस्फोट की कड़ी निंदा करने के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को धन्यवाद दिया और आतंकवाद के विरुद्ध निरंतर घनिष्ठ सहयोग का आह्वान किया।

वार्ता के पश्चात, कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों का आदान-प्रदान किया गया, जिनमें डिजिटल भुगतान, सुरक्षा सहयोग, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य एवं औषधि, आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार से निपटने में सहयोग, ऑडियो-विजुअल को-प्रोडक्शन, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, संयुक्त राष्ट्र शांति सेना सहयोग और भारतीय श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मलेशिया ने इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) में शामिल होने की अपनी सभी प्रक्रियाओं को भी पूरा कर लिया।

प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान, 07 फरवरी 2026 को 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम का आयोजन किया गया। दोनों पक्षों ने इस फोरम के आउटकम डॉक्यूमेंट को स्वीकार किया।

प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को उनके शानदार आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।

Editor

Recent Posts

देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर 4 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई

देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर 4 महीने के उच्चतम स्तर…

39 मिनट ago

कैबिनेट ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 की अवधि के लिए विकसित भारत पहल – सांख्यिकीय परिवर्तन, विश्लेषण एवं अनुसंधान योजना (VISTAR) को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज वित्तीय वर्ष 2026-27 से…

1 घंटा ago

कैबिनेट ने दुष्‍कर्म और पॉक्सो अधिनियम के मामलों की त्वरित सुनवाई हेतु फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों के लिए केंद्र प्रायोजित योजना को पांच वर्ष की अवधि के लिए जारी रखने की मंजूरी दी

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विशेष पॉक्सो न्यायालयों सहित फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों…

1 घंटा ago

मंत्रिमंडल ने सभी अग्निवीरों को रक्षा बलों में समाहित किए जाने का मार्ग प्रशस्त किया

संगठनात्मक आवश्यकताओं और कार्यकारी/सामरिक दक्षता के उद्देश्य से किए गए एक वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन से यह…

1 घंटा ago

TRAI ने ‘नेटवर्क अनुभव’ प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने आज 'नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म' का शुभारंभ किया है। यह…

1 घंटा ago