प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से बात की और ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात(यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से बात की और ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति नहयान ने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा दोहराई, जिसके कारण निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक अवसंरचना को नुकसान पहुंचा। प्रधानमंत्री और यूएई के राष्ट्रपति ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने एक्स(X) पर लिखा: “मेरे भाई, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, महामहिम शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से बात की और उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। संयुक्त अरब अमीरात पर हुए सभी हमलों की भारतने फिर से कड़ी निंदा दोहराई, जिसके कारण निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक अवसंरचना को नुकसान पहुंचा। हमने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति व्यक्त की। हम क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”





