भारत

प्रधानमंत्री मोदी 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे; वाशिम में कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी करीब 23,300 करोड़ रुपये की विभिन्न पहलों का शुभारंभ करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 अक्टूबर को महाराष्ट्र के भ्रमण पर जाएंगे। वे वाशिम जाएंगे और पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे पोहरादेवी स्थित जगदम्बा माता मंदिर में दर्शन करेंगे। वे वाशिम में संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके बाद, पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे प्रधानमंत्री बंजारा विरासत म्यूजियम (संग्रहालय) का उद्घाटन करेंगे, जिसमें बंजारा समुदाय की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। दोपहर करीब 12 बजे वे कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी करीब 23,300 करोड़ रुपये की कई पहलों का शुभारंभ करेंगे। शाम करीब 4 बजे प्रधानमंत्री ठाणे में 32,800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम करीब 6 बजे बीकेसी मेट्रो स्टेशन से वे बीकेसी से मुंबई के आरे जेवीएलआर तक चलने वाली मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वे बीकेसी और सांताक्रूज स्टेशनों के बीच मेट्रो में सफर भी करेंगे।

वाशिम में प्रधानमंत्री

किसानों को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री लगभग 9.4 करोड़ किसानों को लगभग 20,000 करोड़ रुपये की पीएम-किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त वितरित करेंगे। 18वीं किस्त जारी होने के साथ ही पीएम-किसान के तहत किसानों को जारी की गई कुल धनराशि लगभग 3.45 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना की 5वीं किस्त भी जारी करेंगे, जिसके तहत लगभग 2,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत 1,920 करोड़ रुपये से अधिक की 7,500 से अधिक परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रमुख परियोजनाओं में कस्टम हायरिंग सेंटर, प्राथमिक प्रसंस्करण इकाइयां, गोदाम, छंटाई और ग्रेडिंग इकाइयां, कोल्ड स्टोरेज परियोजनाएं, कटाई के बाद प्रबंधन परियोजनाएं आदि शामिल हैं।

प्रधानमंत्री 9,200 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनका संयुक्त कारोबार लगभग 1,300 करोड़ रुपये है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मवेशियों के लिए एकीकृत जीनोमिक चिप और स्वदेशी सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सस्ती कीमत पर सेक्स सॉर्टेड सीमेन की उपलब्धता बढ़ाना और प्रति खुराक लगभग 200 रुपये की लागत कम करना है। जीनोटाइपिंग सेवाओं के साथ एकीकृत जीनोमिक चिप, स्वदेशी मवेशियों के लिए गौचिप (GAUCHIPS) और भैंसों के लिए महीषचिप (MAHISHCHIP) विकसित की गई है। जीनोमिक चयन के कार्यान्वयन से कम उम्र में ही उच्च गुणवत्ता वाले युवा सांडों की पहचान की जा सकती है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना-2.0 के तहत पूरे महाराष्ट्र में 19 मेगावाट की कुल क्षमता वाले पांच सौर पार्कों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान, वे मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।

ठाणे में प्रधानमंत्री

क्षेत्र में शहरी गतिशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बड़े कदम के रूप में, प्रधानमंत्री प्रमुख मेट्रो और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मुंबई मेट्रो लाइन-3 के बीकेसी से आरे जेवीएलआर खंड का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत करीब 14,120 करोड़ रुपये है। इस खंड में 10 स्टेशन होंगे, जिनमें से 9 भूमिगत होंगे। मुंबई मेट्रो लाइन-3 एक प्रमुख सार्वजनिक परिवहन परियोजना है, जो मुंबई शहर और उपनगरों के बीच आवागमन में सुधार करेगी। पूरी तरह से चालू होने के बाद लाइन-3 से प्रतिदिन करीब 12 लाख यात्रियों को सेवा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री लगभग 12,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। परियोजना की कुल लंबाई 29 किलोमीटर है जिसमें 20 एलिवेटेड और 2 भूमिगत स्टेशन हैं। यह महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजना महाराष्ट्र के एक प्रमुख औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्र ठाणे की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रधानमंत्री लगभग 3,310 करोड़ रुपये की लागत से ठाणे के छेदा नगर से आनंद नगर तक एलिवेटेड ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन की आधारशिला भी रखेंगे। यह परियोजना दक्षिण मुंबई से ठाणे तक निर्बाध संपर्क की सुविधा प्रदान करेगी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री लगभग 2,550 करोड़ रुपये की लागत वाली नवी मुंबई एयरपोर्ट इंफ्लूएंस नोटिफाइड एरिया (एनएआईएनए) परियोजना के चरण-1 की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना में प्रमुख सड़कें, पुल, फ्लाईओवर, अंडरपास और एकीकृत उपयोग वाले बुनियादी ढांचे का निर्माण शामिल है।

प्रधानमंत्री लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ठाणे नगर निगम की आधारशिला भी रखेंगे। ठाणे नगर निगम की भव्य प्रशासनिक इमारत से ठाणे के नागरिकों को लाभ होगा, क्योंकि इसमें अधिकांश नगर निगम कार्यालय एक केंद्रीय स्थान पर स्थित होंगे।

Editor

Recent Posts

ब्रिक्स देशों ने ब्रिक्स एमएसएमई फोरम 2026 के उद्घाटन अवसर पर एमएसएमई के बीच मजबूत सहयोग, स्थिरता और वैश्विक एकीकरण का आह्वान किया

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) ने आगरा में पहले ब्रिक्स…

1 घंटा ago

दिल्ली हाई कोर्ट ने NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए अस्थायी प्रतिबंधों को बरकरार रखा

दिल्ली उच्च न्यायालय ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा से पहले टेलीग्राम…

15 घंटे ago

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई है।…

15 घंटे ago

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये वितरित किए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम…

15 घंटे ago

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आज रांची में झारखंड राज्य के विद्युत क्षेत्र और शहरी विकास योजनाओं से संबंधित मामलों की समीक्षा की

केंद्रीय विद्युत और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज रांची में झारखंड…

15 घंटे ago

रेल मंत्री ने स्टेशन प्रबंधन को अधिक कुशल बनाने के लिए स्टेशन मास्टरों को सशक्त बनाने हेतु व्यापक उपायों की समीक्षा की

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक…

15 घंटे ago