भारत

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि देश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित होना चाहिए। इससे न केवल भारत को ग्लोबल नॉलेज सुपरपावर बनाने के राष्ट्रीय विजन को साकार करने में मदद मिलेगी, बल्कि उच्च शिक्षा के लिए देश और विदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी इन संस्थानों की ओर आकर्षित होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भारत विश्व की सबसे तेजी से विकास करने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, डिजिटल दुनिया में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं, और वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास को हासिल किया गया है। स्टार्टअप के लिए अनुकूल इकोसिस्टम तैयार हुआ है और ‘व्‍यापारिक सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस)’ को उच्‍च प्राथमिकता दी गई है। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से प्रभावी कल्याणकारी उपाय लागू किए गए हैं कि कोई भी लक्षित लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। अनिश्चितताओं और संघर्षों से घिरे वैश्विक माहौल की तमाम चुनौतियों के बावजूद ये उपलब्‍धियां हासिल हुई हैं। इस कॉलेज के विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें भारतीय अर्थव्यवस्था की इस मजबूती और सफलता को देखने तथा उससे सीखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे इस सीख का इस्तेमाल हमारी विकास यात्रा को और तेज करने के लिए करेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत नई ऊर्जा और नई दृष्टि के साथ वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक भूमिका का विस्तार कर रहा है। हमारे युवा ही हमारे महत्वाकांक्षी प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे पास विश्‍व में युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्‍ठ पूल है, जो एसआरसीसी जैसे महाविद्यालयों से परिलक्षित होता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ‘भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए’ वह दृष्टिकोण है, जिसके आधार पर हमारे युवाओं को अपनी आकांक्षाओं और भूमिकाओं को परिभाषित करना चाहिए। इस संदर्भ में ‘भारत द्वारा’ का तात्पर्य यह है कि समाज और संस्थाओं ने विद्यार्थियों की क्षमताओं के विकास में योगदान दिया है। इसलिए, समाज और देश के प्रति उनका विशेष दायित्व है।

राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के विद्यार्थी परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर रहे हैं और शीर्ष स्थान हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से यह उम्मीद की जा सकती है कि वे इसका उदाहरण प्रस्तुत करेंगे कि कैसे धन-सृजन से राष्ट्र-निर्माण होता है; वे स्वयं तो अच्‍छा करें ही, साथ ही विशेष रूप से वंचित वर्गों के लिए भी अवसरों का सृजन करें; भारतीय जीवन-मूल्यों से जुड़े रहते हुए विश्वस्तरीय उत्कृष्टता प्राप्त करें; अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ करें; तथा समानुभूति, नैतिकता और सदाचार के साथ पेशेवर उत्कृष्टता की ओर बढ़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसआरसीसी परिवार के सदस्य वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण तथा उसके बाद भी देश की गौरवशाली विकास यात्रा में निरंतर योगदान देते रहेंगे।

Editor

Recent Posts

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल कारोबार 300 लाख करोड़ रुपये के पार, सालाना आधार पर 15.5 प्रतिशत की वृद्धि

पूंजी की पर्याप्तता, कारोबार में वृद्धि, ऋण खातों के एनपीए में बदलने की कम दर,…

8 मिनट ago

दिल्ली की अदालत ने नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में 14 अभियुक्‍तों के नाम आरोप तय करने का निर्देश दिया

दिल्ली की एक अदालत ने आज नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में तीन विषय विशेषज्ञों…

2 घंटे ago

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी को मार गिराया

सुरक्षा बलों ने आज तड़के जम्‍मू-कश्‍मीर के कुलगाम में लश्‍करे-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट्ट को…

2 घंटे ago