राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु; उपराष्ट्रपति और राज्य सभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी; लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला; विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज संसद भवन परिसर स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। देश भर में आज का दिन ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।
‘धरती आबा’ के रूप में पूजनीय भगवान बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय अधिकारों के प्रबल पक्षधर के रूप में भारतीय इतिहास में विशिष्ट स्थान रखते हैं। ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समुदायों को संगठित किया तथा जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकारों को बुलंद किया। उनके नेतृत्व ने स्वतंत्रता संग्राम को जनजातीय अस्मिता, सांस्कृतिक गरिमा और आत्मसम्मान की रक्षा के साथ जोड़ा। उनका साहस, त्याग और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है और उनकी विरासत राष्ट्र की सामूहिक स्मृति में सम्मान का स्थान रखती है।
जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय जीवन में जनजातीय समुदायों के योगदान को मान्यता देने के लिए वर्ष 2021 से 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्र उनके समृद्ध इतिहास, संस्कृति और विरासत का उत्सव मनाता है तथा भारत की स्वतंत्रता और प्रगति में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता को पुनः पुष्ट करता है।
समारोह के दौरान, विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय लोक कलाकारों ने प्रेरणा स्थल पर प्रस्तुति दी, अपनी कला से गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और भारत की जनजातीय सांस्कृतिक परंपराओं की समृद्धि को प्रदर्शित किया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आज घोषणा की है कि जय शाह को लगातार दूसरे…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग…
भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में विस्तार के…
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा की 17वीं ओडिशा विधानसभा के…
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश और विदेश व्यापार मंत्री…
मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में…