टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप का फाइनल आज अहमदाबाद में वर्तमान चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच 7 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम रिकार्ड चौथी बार जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची है।
2007 और 2024 की विश्व विजेता टीम इंडिया के पास खिताबी हैट्रीक पूरी करने वाली पहली टीम बनने का शानदार मौका है। बेहद रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को मात देने वाली टीम इंडिया के सामने उलट–फेर करने में माहिर न्यूज़ीलैंड की टीम है।
शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह पर एक बार फिर सभी की निगाहें होंगी। कप्तान सूर्यकुमार की अगुवाई में हार्दिक पांड्या, इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह जहां इन फॉर्म हैं।
वहीं, आउट ऑफ फॉर्म चल रहे अभिषेक शर्मा और वरूण चक्रवर्ती टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब हैं। टीम इंडिया इसी मैदान पर 2023 में वनडे विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार के इतिहास को घरेलू मैदान पर खिताबी जीत के साथ बदलना चाहेगी।
उधर, न्यूज़ीलैंड की टीम ने लीग मैचों और सुपर-8 चरण में खराब प्रदर्शन से उबरते हुए सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराया था।




