ईरान द्वारा फारस की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा
अमरीका इस्राएल के ईरान के खिलाफ शुरू किए गए एक बड़े संयुक्त सैन्य अभियान ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तेरहवें दिन खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। आज सुबह दुबई क्रीक हार्बर के पास एक इमारत पर ड्रोन से हमला किया गया। हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा कथित तौर पर रात भर में ईरान के अतिरिक्त मिसाइलों को रोके जाने के बाद क्षेत्रीय सरकारें हाई अलर्ट पर हैं। दो विदेशी तेल टैंकरों पर घातक हमलों के बाद इराक ने अपने एक प्रमुख तेल बंदरगाह पर परिचालन निलंबित कर दिया है, जिससे पश्चिम एशिया में ऊर्जा अवसंरचना और समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इस बीच, ईरान के सशस्त्र बलों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर एक नई चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि ईरानी बंदरगाहों पर हमला होता है, तो पूरे क्षेत्र के बंदरगाहों को वैध लक्ष्य माना जाएगा। ईरान के इस संदेश से वाणिज्यिक जहाजरानी मार्गों और बंदरगाह सुविधाओं में संघर्ष के संभावित विस्तार का संकेत मिलता है, जिससे पश्चिम एशिया में व्यापार प्रवाह में काफी बाधा आ सकती है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने युद्ध समाप्त करने के लिए तीन शर्तें रखी हैं, जिनमें ईरान के वैध अधिकारों की मान्यता, हर्जाने का भुगतान और भविष्य में हमलों के खिलाफ ठोस अंतरराष्ट्रीय गारंटी शामिल हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब राजनयिक प्रयास सीमित हैं और कई मोर्चों पर सैन्य झड़पें जारी हैं।





