भारत

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के मिल्वौकी में आयोजित जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के उद्घाटन सत्र में भाग लिया

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जी20 की संयुक्त राज्य अमेरिका की अध्यक्षता में विस्कॉन्सिन के मिल्वौकी में आयोजित जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के उद्घाटन सत्र में भाग लिया।

भोजन एवं व्यापार से संबंधित सत्र में बोलते हुए, पीयूष गोयल ने चर्चा के केन्द्र में भोजन को रखने के लिए प्रेसीडेंसी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों के लिए अधिक अवसर सृजित करना भारत की नीति के मुख्य अंग हैं। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल कभी भी किसी देश पर दबाव बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देश वैश्विक टकरावों की वजह से पैदा हुए खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरकों के संकट से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आज उर्वरकों की कमी कल खाद्य संकट का रूप ले सकती है।

पीयूष गोयल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान, भारत ने 1.4 बिलियन से अधिक नागरिकों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की और कई जरूरतमंद देशों को अनाज की आपूर्ति की। उन्होंने बताया कि भारत में अभी 800 मिलियन से अधिक लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सार्वजनिक खाद्य भंडार (पब्लिक स्टॉकहोल्डिंग) को बनाए रखता है, छोटे व सीमांत किसानों से अनाज खरीदता है और फसल कम होने की स्थिति में भोजन की उपलब्धता एवं किफायती दाम सुनिश्चित करने हेतु अस्थायी तथा पारदर्शी उपाय अपनाता है। उन्होंने कहा कि इन उपायों को डब्ल्यूटीओ के तहत मान्यता मिली हुई है, जिसमें ‘बाली मंत्रिस्तरीय निर्णय’ और ‘जिनेवा मंत्रिस्तरीय घोषणा’ शामिल हैं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु उठाए गए कदमों और बलपूर्वक व्यापारिक कार्रवाइयों के बीच स्पष्ट अंतर करने का आह्वान किया।

पीयूष गोयल ने मौजूदा व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें 2011 में शुरू किया गया जी20 कृषि बाजार सूचना प्रणाली और डब्ल्यूटीओ के 12वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में अपनाई गई वह व्यवस्था शामिल है जिसके तहत विश्व खाद्य कार्यक्रम की खरीद को निर्यात प्रतिबंधों से छूट दी गई है। उन्होंने नियमों पर आधारित, निष्पक्ष, भेदभाव-रहित, न्यायसंगत, पारदर्शी, खुले, समावेशी और बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली, जिसके केन्द्र में डब्ल्यूटीओ है, के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।

व्यापार मंत्रियों ने ‘बलपूर्वक व्यापारिक कार्रवाइयों के जरिए भोजन को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किए जाने से संबंधित जी20 का वक्तव्य’ नामक दस्तावेज पर सहमति जताई और इस विषय पर सहयोग जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।

इससे पहले दिन में, पीयूष गोयल ने जी20 देशों के व्यापार मंत्रियों और संयुक्त राज्य अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि राजदूत जेमिसन ग्रीर के साथ मिलकर विस्कॉन्सिन के मेक्वॉन में रॉकवेल ऑटोमेशन के कार्यालय एवं कारखाने का दौरा किया।

इस बैठक के मौके पर, पीयूष गोयल ने ब्राजील के विकास, उद्योग, व्यापार एवं सेवा मंत्री तथा विदेश मंत्री; संयुक्त राज्य अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि; व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा के यूरोपीय आयुक्त; यूनाइटेड किंगडम के व्यापार, नवाचार, विज्ञान एवं व्यापार के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट तथा व्यापार बोर्ड के अध्यक्ष; मैक्सिको के अर्थव्यवस्था सचिव; और पोलैंड गणराज्य के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

केन्द्रीय मंत्री ने मिल्वौकी आर्ट म्यूजियम में राजदूत ग्रीर और संयुक्त राज्य अमेरिका के कृषि विभाग के सेक्रेटरी रॉलिन्स द्वारा आयोजित स्वागत भोज में भी भाग लिया।

Editor

Recent Posts

NHRC ने तेलंगाना में एक साल तक बंधुआ मजदूर बनाकर रखे गए उत्तर प्रदेश के एक परिवार के 12 सदस्यों की रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें…

11 मिनट ago

महाराष्ट्र में संशोधित भारतनेट कार्यक्रम को शुरू करने के लिए ₹10,520 करोड़ की वित्तीय सहायता को मंज़ूरी

ग्रामीण महाराष्ट्र में डिजिटल अवसंरचना को मज़बूत करने और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को तेज़ी से बढ़ाने…

13 मिनट ago

सरकार ने दिव्यांगजन और दिव्यांगजनों के वाहनों के लिए छूट वाले फास्टैग (FASTags) जारी करने के दिशा-निर्देशों में संशोधन किया

नागरिकों के लिए जीवन को आसान बनाने को बढ़ावा देते हुए और दिव्यांगजनों के लिए…

16 घंटे ago

भारतीय नौसेना का जहाज ‘तरकश’ सद्भावना यात्रा पर केन्या के मोम्बासा पहुंचा

भारतीय नौसेना का अग्रिम पंक्ति का उन्नत सुविधाओं से युक्त स्टील्थ फ्रिगेट जहाज तरकश अपनी…

16 घंटे ago

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशियाई खेलों के हॉकी फाइनल में पंहुचा

जापान एशियाई खेलों में भारत पाकिस्‍तान को हराकर हॉकी के फाइनल में पहुंचा। आखिरी मिनट…

17 घंटे ago