भारत

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश को 3,600 करोड़ रुपए की लागत से 3 लाख पक्के आवासों की बड़ी सौगात सौंपी

आंध्र प्रदेश के समग्र विकास और ग्रामीण उत्थान को नई गति देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को गुंटूर जिले के बुर्रीपालेम गांव में आयोजित ऐतिहासिक समारोह में राज्य को 3,600 करोड़ रुपए की लागत से 3 लाख पक्के आवासों की बड़ी सौगात सौंपी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू की गरिमामयी मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री चौहान ने देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग तकनीक से बनने वाली 177 पायलट आवास परियोजना की नींव रखी। जनसभा में उमड़े हजारों नागरिकों के जनसैलाब के समक्ष केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरावती में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की ‘एक और एक ग्यारह’ वाली जोड़ी राज्य को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए 360 डिग्री विकास कर रही है।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के ऐतिहासिक गांव बुर्रीपालेम (तेनाली मंडल) में रविवार को ग्रामीण विकास की दिशा में एक नया कीर्तिमान रचा गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण 2.0) के तहत 3 लाख पक्के मकानों की सौगात गरीबों को दी। इसके साथ ही 14 करोड़ रु. की लागत से तैयार होने वाली देश की पहली 3D कंक्रीट प्रिंटिंग हाउसिंग पायलट परियोजना की आधारशिला रखी गई। ​कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेमासानी, आंध्र प्रदेश के नागरिक आपूर्ति मंत्री नादेंडला मनोहर, आवास व सूचना मंत्री कोलसु पार्थसारथी, पर्यटन मंत्री कंडुला दुर्गेश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव, राज्यसभा सांसद भाष्यम रामकृष्ण, सांसद लिंगमनेनी रमेश, विधान परिषद सदस्य (MLC) अलापति राजेंद्र प्रसाद, हाउसिंग कॉरपोरेशन चेयरमैन बाथुला तातय्या बाबू सहित आंध्र प्रदेश एवं केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी व हजारों की तादाद में ग्रामीण, किसान और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

​76 हजार के बदले दिए 3 लाख आवास; बोले- मांगेंगे 9 लाख तो वो भी देंगे

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की, “हमारे मंत्रालय के अधिकारियों ने मुझे आंध्र प्रदेश के लिए केवल 76,000 आवासों का कोटा बताया था। लेकिन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मुझे अपने राज्य के प्रत्येक गरीब का सपना पूरा करना है, हमें और मकान चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी जी के आशीर्वाद से हमने 76 हजार नहीं, सीधे 3 लाख पक्के मकानों की पहली किस्त आंध्र को सौंप दी है।” उन्होंने आगे कहा, “बाबू ने मुस्कुराते हुए कहा कि ‘दिल मांगे मोर’, हमें 6 लाख और मकान चाहिए। मैंने उनसे कहा- बाबू, पूरी भारत सरकार आपकी है और मैं भी आपका हूँ। आप ये 3 लाख मकान पूरे कीजिए, इसके तुरंत बाद अगले 3 लाख और फिर 3 लाख आवास स्वीकृत किए जाएंगे। आंध्र में शत-प्रतिशत गरीबों को पक्का मकान मिलेगा।”

3D कंक्रीट तकनीक: 6 महीने में तैयार होंगे मजबूत घर

बुर्रीपालेम और ओबुलनायडुपालेम में शुरू हो रही 3D कंक्रीट प्रिंटिंग परियोजना को देश की आवासीय क्रांति करार देते हुए उन्होंने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट समय, लागत और श्रम की बड़ी बचत करेगा। मशीनरी और उन्नत तकनीक के माध्यम से ये घर मात्र 6 महीने में बनकर तैयार होंगे, जिनकी मजबूती और उम्र पारंपरिक मकानों से कहीं अधिक होगी।

​ PM मोदी ने दिया अमरावती को कानूनी अधिकार

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में कानून पारित कराकर अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र स्थायी राजधानी का दर्जा दिलाया और 15,000 करोड़ रु. की विशेष सहायता राशि जारी की। पोलावरम जैसी जीवनदायिनी परियोजना, अब केंद्र सरकार की 100 प्रतिशत ग्रांट से पूरी गति से पूरी की जा रही है। साथ ही अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राज्य की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयां देगा।

​’अन्नदाता सुखी भव’ और 60 लाख ‘लखपति दीदी’ का मिशन

किसानों और महिलाओं के सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 6,000 रु. की पीएम-किसान सम्मान निधि में मुख्यमंत्री नायडू ने ‘अन्नदाता सुखी भव’ के 14,000 रु. जोड़कर किसानों को सालाना 20,000 रु. की ऐतिहासिक आर्थिक मदद दी है। उन्होंने कहा कि आंध्र को देश का सबसे बड़ा फल, फूल, सब्जी और औषधीय खेती का हॉर्टिकल्चर हब बनाया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 23 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं, जिसे एनडीए सरकार 60 लाख तक पहुंचाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि देश के इतिहास में पहली बार दिल्ली से बाहर राष्ट्रीय ‘सरस मेला’ 15 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी करेंगी।

​’एमपी का मामा हूँ तो एपी का भी मामा हूँ’: तेलुगु में किया अभिवादन

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर आते ही ‘भारत माता की जय’ और ‘श्री वेंकटेश्वर भगवान की जय’ के उद्घोष के साथ ठेठ तेलुगु में अपना वक्तव्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि आंध्र की धरती ज्ञान, विज्ञान, प्रतिभा और समृद्ध परंपराओं का संगम है। तेनालीराम की इस पावन भूमि को नमन करते हुए उन्होंने कहा, “तेलुगु भाषा शहद से भी अधिक मीठी है और आज यह पूरे भारत में अपनी अनूठी पहचान बना रही है। अगर मैं मध्य प्रदेश का मामा हूँ, तो आंध्र प्रदेश का भी मामा ही हूँ। जनता की सेवा ही मेरे लिए ईश्वर की पूजा है। यहां की जनता का जज्बा, ईमानदारी और जुनून देखकर दिल से एक ही बात निकलती है- सचमुच तुमसे मिलने को जी करता है रे बाबा!”

डॉ. पेमासानी की सादगी और मुख्यमंत्री नायडू के विजन की सराहना

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अपने सहयोगी केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेमासानी के पैतृक गांव बुर्रीपालेम आने पर विशेष प्रसन्नता जताई। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “शुरुआत में मैं सोचता था कि चंद्रशेखर जी ‘अमेरिका रिटर्न’ हैं, क्या वे गांव के जीवन और ग्रामीण विकास को समझ पाएंगे? लेकिन जनता से उनका आत्मीय जुड़ाव, सेवाभाव और काम की स्पष्टता देखकर मैं दंग रह गया। बाबू (चंद्रबाबू नायडू) सचमुच प्रतिभाओं को तराशकर राजनीति में जनसेवा के लिए आगे लाते हैं।” उन्होंने कहा कि चंद्रबाबू नायडू डायनामिक, डेडिकेटेड और डिसीसिव लीडरशिप के प्रतीक हैं। उन्होंने ही आंध्र को विश्व में आईटी हब बनाया और आज वही दूरदृष्टि अमरावती को एआई, क्वांटम टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग का सिरमौर बना रही है।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का संबोधन

​मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवराज जी केवल मध्य प्रदेश के ही नहीं, बल्कि समूचे आंध्र प्रदेश के भी चहेते और लाड़ले ‘मामा’ हैं। उन्होंने कहा, “शिवराज जी एक ऐसे जननेता हैं, जिन्होंने मध्य प्रदेश में अपने सुशासन और सेवा के दम पर अजेय रिकॉर्ड बनाया है। आज जैसे ही हमने राज्य के गरीबों के पक्के आशियाने का विषय उनके समक्ष रखा, उन्होंने महज 75,000 की जगह एक झटके में 3 लाख मकानों की स्वीकृति देकर आंध्र की जनता का दिल जीत लिया। जब मैंने उनसे कहा कि एनडीए का संकल्प हर सिर पर पक्की छत देने का है और हमें कुल 9 लाख मकान चाहिए, तो उन्होंने भरी सभा में वादा किया कि पहले चरण का काम पूरा होते ही केंद्र सरकार बाकी 6 लाख आवास भी तुरंत जारी करेगी।”

मुख्यमंत्री नायडू ने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निरंतर सहयोग से आंध्र प्रदेश बुनियादी ढांचे, कृषि, आधुनिक तकनीक और ग्रामीण विकास के हर मोर्चे पर देश का नंबर-1 राज्य बनकर उभरेगा।

Editor

Recent Posts

वायुसेना ने आज कई शहरों में सेखों भारतीय वायु सेना मैराथन आयोजित किया

वायुसेना ने आज कई शहरों में सेखों भारतीय वायु सेना मैराथन आयोजित किया। इनमें दिल्ली,…

42 मिनट ago

यमन की सेना ने देश के कुछ प्रमुख मोर्चों पर हूती लड़ाकों को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया

यमन की सेना ने देश के कुछ प्रमुख मोर्चों पर हूती लड़ाकों को भारी नुकसान…

45 मिनट ago

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को रूपांतरित करने के लिए शुरू की गई पीएम-सेतु योजना का एक वर्ष पूरा

पीएम-सेतु योजना का आज एक वर्ष पूरा हो गया है। इस योजना के अंतर्गत उन्नत…

47 मिनट ago

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क में दो नर ग्रेट इंडियन बस्टर्ड को वन्य क्षेत्र में छोड़ा

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने गंभीर रूप से लुप्तप्राय…

50 मिनट ago

इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट स्मित को भारत, इस्राएल और पूरी दुनिया का नायक बताया

इस्राएल के प्रधानमंत्री बे‍न्‍यामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को…

7 घंटे ago

एशियन गेम्स 2026 का समापन आज, भारत की ध्वजवाहक निशानेबाज होंगी नीरू धांडा

एशियन गेम्स 2026 का आज समापन होने जा रहा है। समापन समारोह जापान के नागोया…

7 घंटे ago