भारत-अमेरिका संयुक्त विशेष बल सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ के 16 वें संस्करण में भाग लेने के लिए अमेरिकी सेना का दल भारत पहुंचा
भारत-अमेरिका संयुक्त विशेष बल सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ के 16 वें संस्करण में भाग लेने के लिए अमेरिकी सेना का दल भारत पहुंच गया है । यह सैन्य अभ्यास 24 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक हिमाचल प्रदेश के बकलोह स्थित विशेष बल प्रशिक्षण विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस सैन्य अभ्यास का पिछला संस्करण नवंबर 2024 में अमेरिका के इडाहो स्थित ऑर्चर्ड कॉम्बैट ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित किया गया था।
भारतीय सेना के दल, जिसका प्रतिनिधित्व विशेष बलों की इकाइयां कर रही हैं, में 45 जवान होंगे, जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से अमेरिकी विशेष बलों के ग्रीन बेरेट्स के 12 जवान शामिल होंगे।
सैन्य अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ का उद्देश्य भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसके लिए पारस्परिक समन्वय, संयुक्त तथा विशेष अभियान रणनीतियों के आदान-प्रदान को सुदृढ़ किया जाएगा। यह अभ्यास पर्वतीय क्षेत्र में संयुक्त विशेष बल अभियानों के संचालन हेतु संयुक्त क्षमताओं को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है।
इस प्रशिक्षण के दौरान उच्च स्तर के शारीरिक अनुकूलन, संयुक्त मिशन योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यासों के निष्पादन पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। प्रतिभागी सैनिक संयुक्त मिशन योजना और विशेष अभियानों की युक्तियों, तकनीकों एवं प्रक्रियाओं जैसे क्षेत्रों में सर्वोत्तम प्रथाओं और परिचालन अनुभवों को साझा करेंगे।
इस अभ्यास से दोनों देशों के विशेष बलों के बीच पारस्परिक समन्वय, विश्वास और पेशेवर सौहार्द के और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।





