पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के लिए ईरान के साथ इस्लामाबाद में सीधी वार्ता में उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप पश्चिम एशिया क्षेत्र में कई सप्ताह के संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के साथ प्रत्यक्ष वार्ता करने के लिए उपराष्ट्रपति जे.डी.वेन्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल और अन्य शीर्ष अधिकारियों को इस्लामाबाद भेज रहे हैं। पहले दौर की वार्ता शनिवार की सुबह होगी।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद तेहरान इस्लामाबाद वार्ता में शामिल होगा। ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबफ के करने की उम्मीद है। वे ईरान के युद्धकालीन नेतृत्व के मुख्य व्यक्ति हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा कल दो सप्ताह के संघर्ष विराम की घोषणा किए जाने के बाद यह वार्ता होने जा रही है।
इस बीच, इस क्षेत्र में विशेषकर लेबनान में छिटपुट संघर्ष जारी है, जहां इस्राएल हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान ने इन हमलों को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया है।





