असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। असम की सभी 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम, केरलम और पुद्दुचेरी के मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने असम के लोगों से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि युवा और महिला मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र का उत्सव बनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रिकॉर्ड मतदान केरलम की लोकतांत्रिक भावना को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री ने राज्य के युवाओं और महिलाओं से भी आगे बढ़कर बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पुद्दुचेरी के युवा और महिला मतदाताओं से लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुद्दुचेरी के भविष्य को संवारने में हर वोट मायने रखता है।





