उत्तराखंड के अधिकतर भागों में आज मौसम साफ, बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम की यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी
उत्तराखंड के अधिकतर भागों में आज मौसम साफ हो गया है। इससे प्रदेश में हाल में हुई वर्षा और भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़कों को खोलने का काम तेजी से किया जा सकेगा। उत्तरकाशी में सिलाई बैंड के पास क्षतिग्रस्त यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। जल्द ही इस मार्ग को नियमित यातायात के लिए फिर से खोले जाने की संभावना है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि यमुनोत्री धाम की तीर्थयात्रा पर खराब मौसम का प्रभाव नहीं पड़ा है। वहां से लौटने वाले तीर्थयात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है।
बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम की यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी है।