कृतज्ञ राष्ट्र आज महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि और शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है
कृतज्ञ राष्ट्र आज महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि और शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रतिवर्ष 30 जनवरी को पूरा देश महात्मा गांधी के जीवन और विरासत को याद करता है, जो देश के स्वतंत्रता संग्राम के मार्गदर्शक थे। इस दिन को शहीदी दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राजघाट पर महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बापू के चिरस्थायी आदर्श हमारे राष्ट्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम उनके सिद्धांतों के प्रति अपनी वचनबद्धता को दोहराते हैं और न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
आज स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए शहीदी दिवस भी मनाया जा रहा है।





