गुजरात पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन डेल्टा हंट की शुरूआत की
गुजरात पुलिस ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन डेल्टा हंट की शुरूआत की है। इसके तहत पिछले 24 घंटों में गुजरात में अवैध रूप से रह रहे 424 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 782 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माने जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ शुरू किया गया था। गांधीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले प्रत्येक घुसपैठिए का पता लगाया जाएगा, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बांग्लादेश वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध प्रवासियों को आश्रय, रोजगार या सहायता प्रदान करके कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छह हजार दो सौ से ज्यादा लोगों की तहकीकात की जा रही है। इनमें से 362 लोग अभी तक बांग्लादेशी पाए गए हैं। साथ ही, जिन लोगों ने उनको रहने के लिए घर दिया होगा और जिन्होंने उनको नौकरी दी है, लेकिन पुलिस वेरिफिकेशन के लिए डॉक्यूमेंट नहीं भेजे होंगे। उन पर भी एक कड़े कदम उठाने के लिए एक पूरी टीम इसकी इन्वेस्टिगेशन कर रही है। गुजरात पुलिस घर-घर और गांव-गांव तक यह तहकीकात चालू रखेगी।





