ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की इजरायली और US हमलों में मौत
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमरीका-इजराइल के हवाई हमलों में मौत हो गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत ईरानी जनता के लिए अपने देश को वापस लेने का बड़ा अवसर है। अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा कि बमबारी पूरे सप्ताह या उससे भी अधिक समय तक जारी रहेगी। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार, हमलों में ईरान के लगभग 40 अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत अमरीका और इस्राएल के संयुक्त हवाई हमले के बाद हुई है, जिसमें ईरानी सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया। एक वरिष्ठ इस्राएली अधिकारी के अनुसार, खामेनेई का शव बरामद कर किया गया है। इससे पहले, राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यमिन नेतन्याहू ने कहा था पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ गया और पूरे क्षेत्र में व्यापक जवाबी कार्रवाई हुई। ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के कार्यालयों के पास तेहरान समेत कई शहरों में विस्फोटों की खबर मिली। ईरान सरकारी मीडिया ने कम से कम दो सौ एक लोगों की मौत और सात सौ से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना दी है।





