insamachar

आज की ताजा खबर

government has increased the supply of 5-kg LPG cylinders to meet domestic demand
भारत

सरकार ने घरेलू मांग पूरी करने के लिए पांच किलो के एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई

सरकार ने पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बढ़ा दी है। वैध पहचान पत्र दिखाने पर एलपीजी वितरक-काउंटर पर ये सिलेंडर उपलब्‍ध होंगे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि आपूर्ति बढ़ाने के बाद 23 मार्च से पांच किलो के लगभग छह लाख साठ हजार सिलेंण्‍डरों की बिक्री हुई है। इन सिलेंडरों की कीमत बाजार दर पर रखी गई है और इनकी खरीद के लिए किसी पते के प्रमाण की आवश्‍यकता नहीं है।

मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी वितरण केन्‍द्र पर इन सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। चार अप्रैल को 51 लाख से अधिक घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति की गई और कुल मांग के 95 प्रतिशत की ऑनलाइन बुकिंग हुई। सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ईंधन की निर्बाध आपूर्ति, सुरक्षित समुद्री परिवहन और भारतीय नागरिकों की मदद के लिए व्‍यापक उपाय किए जा रहे हैं।

मंत्रालय ने जोर दिया कि पेट्रोल, डीज़ल या रसोई गैस की देश में कोई कमी नहीं है और घबराहट में खरीद की जरूरत नहीं है। इस बीच सरकार पाइप लाइन से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति का दायरा भी बढ़ा रही है। जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए भी सख्‍त निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *