insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi held a meeting with Dutch CEOs
बिज़नेस मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी ने डच मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ आज ऊर्जा, बंदरगाह, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी डच कंपनियों के प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ चर्चा की। व्यापारिक नेताओं ने तीन समूहों — सेमीकंडक्टर, प्रौद्योगिकी और नवाचार; अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स और समुद्री क्षेत्र; तथा सततता, ऊर्जा और कृषि — पर प्रस्तुतियाँ दीं और भारत के लिए अपनी रणनीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

बैठक से पहले, एएसएमएल और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के बीच एक समझौते पर दोनों नेताओं की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने गुजरात के धोलेरा में भारत की पहली फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब (एफएबी) के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल द्वारा साझेदारी किए जाने के निर्णय का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नीदरलैंड के बीच व्यापार-से-व्यापार संबंधों के गहरे होने का स्वागत किया और भारत की आर्थिक गतिशीलता में डच कंपनियों की बढ़ती रुचि की सराहना की। हाल के सुधारों और पहलों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने व्यापार सुगमता में सुधार तथा एक स्थिर, दक्ष और पूर्वानुमेय नीतिगत वातावरण स्थापित करने के प्रयासों पर बल दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने डच कंपनियों को भारत में विशेष रूप से समुद्री, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में अवसर तलाशने हेतु प्रोत्साहित किया।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के शीघ्र कार्यान्वयन का आह्वान किया। यह एफटीए भारत और यूरोपीय संघ को खुले बाज़ारों, समावेशी विकास और सुदृढ़ आपूर्ति शृंखलाओं के प्रति वचनबद्ध विश्वसनीय और भरोसेमंद साझेदारों के रूप में और सशक्त बनाता है।

​उद्योग जगत के नेताओं ने भारत सरकार के सुधार एजेंडा की सराहना की और भारत के लिए अपनी भावी योजनाओं को साझा किया। उन्होंने भारत में अपनी उपस्थिति को और सुदृढ़ करने के अवसर तलाशने में रुचि व्यक्त की।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *