प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान ओस्लो में आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टर्न फ्रॉस्टडॉटिर के साथ द्विपक्षीय बैठक की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान ओस्लो में आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टर्न फ्रॉस्टडॉटिर के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
प्रधानमंत्री फ्रॉस्टडॉटिर के पदभार ग्रहण करने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। प्रधानमंत्री मोदी ने आइसलैंड के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री बनने पर फ्रॉस्टडॉटिर को बधाई दी।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। दोनों ने विशेष रूप से भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने के संदर्भ में बातचीत की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि टीईपीए व्यापार, निवेश और विनिर्माण सहयोग में द्विपक्षीय क्षमता को उजागर करने का एक उत्कृष्ट अवसर है।
दोनों नेताओं ने भू-तापीय ऊर्जा, मत्स्य पालन, नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, संस्कृति, पर्यटन, गतिशीलता और जन-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने आर्कटिक अनुसंधान में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्टर्न फ्रॉस्टडॉटिर को आपसी सहमति से सुविधाजनक समय पर भारत आने का निमंत्रण दिया।





