नागर विमानन महानिदेशालय ने एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच मूल उपकरण निर्माता केंद्र पर महानिदेशालय के अधिकारियों की उपस्थिति में करने का निर्देश दिया है। महानिदेशालय के अनुसार, एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान का संचालन इस वर्ष दो फरवरी को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बेंगलुरु के लिए उड़ान एआईसी-132 संचालित करने के बाद रोक दिया गया था।
यह कार्रवाई पायलट डिफेक्ट रिपोर्ट में दर्ज एक प्रविष्टि के बाद की गई थी। इसमें कहा गया था कि बायां ईंधन नियंत्रण स्विच थोड़ा सा दबाने पर रन से कटऑफ स्थिति में फिसल जाता है और चयनित स्थिति में ठीक से लॉक नहीं होता है। महानिदेशालय ने कहा कि एयर इंडिया ने मूल उपकरण निर्माता की निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार और महानिदेशालय के अधिकारियों की उपस्थिति में ईंधन नियंत्रण स्विच का निरीक्षण और कार्यात्मक परीक्षण किया। निरीक्षण परिणामों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद, निष्कर्ष निकाला गया कि ईंधन नियंत्रण स्विच यांत्रिक रूप से डिजाइन के अनुसार कार्य कर रहा था और इकाई को सेवा योग्य घोषित किया। हालांकि, महानिदेशालय ने निगरानी के अंतर्गत निर्देश दिया है कि ईंधन नियंत्रण स्विचों का भविष्य में निरीक्षण किया जाए।





