insamachar

आज की ताजा खबर

US Secretary of State Marco Rubio arrived in Kolkata on a four-day visit to India
भारत

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत की चार दिन की यात्रा पर कोलकाता पहुंचे; आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो चार दिन की भारत यात्रा पर कोलकाता पहुंच गए हैं। मार्को रुबियो की यह पहली भारत यात्रा है। यह यात्रा अमरीका और भारत के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और हिंद-प्रशांत रणनीति में सहयोग का विस्तार करना है। भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने हवाई अड्डे पर मार्को रुबियो का स्वागत किया। मार्को रुबियो नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करेंगे।

मार्को रुबियो विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से बातचीत भी करेंगे। उनका अमरीकी दूतावास में होने वाले अमरीकी स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का भी कार्यक्रम है।

मार्को रुबियो मंगलवार को नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्‍सा लेंगे। बैठक में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी भी शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्‍वाड बैठक में स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत के दृष्टिकोण के अनुरूप जारी पहलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की भी संभावना है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *