सीसीआई ने सैनलाम इमर्जिंग मार्केट्स (मॉरीशस) लिमिटेड द्वारा श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कुछ शेयरधारिता के अधिग्रहण को स्वीकृति दी
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने सैनलाम इमर्जिंग मार्केट्स (मॉरीशस) लिमिटेड द्वारा श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में कुछ शेयरधारिता के अधिग्रहण को स्वीकृति दे दी है।
प्रस्तावित संयोजन में सैनलाम इमर्जिंग मार्केट्स (मॉरीशस) लिमिटेड ( एसईएमएम) द्वारा तरजीही निर्गम (प्रिफरेंशिअल इश्यू) के माध्यम से श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ( एसएलआईसी) की विस्तारित इक्विटी पूंजी के 2.80 प्रतिशत हिस्से का अधिग्रहण करने की परिकल्पना की गई है।
मॉरीशस में निगमित एसईएमएम, दक्षिण अफ्रीका के सैनलाम समूह का एक हिस्सा है। यह श्रीराम समूह का रणनीतिक साझेदार है और भारत में श्रीराम समूह की विभिन्न इकाइयों में इसका निवेश है।
एसएलआईसी एक जीवन बीमा कंपनी है, जो आईआरडीएआई के साथ पंजीकृत है और मानव जीवन पर बीमा अनुबंध करने, जीवन बीमा व्यवसाय में विभिन्न प्रकार के उत्पादों को विकसित और विपणन करने, यूनिट-लिंक्ड जीवन बीमा उत्पादों और बीमा अधिनियम, 1938 के प्रावधानों के दायरे में आने वाली किसी भी अन्य गतिविधि में लगी हुई है।





